यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 29, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
15 घंटे में सलाखों के पीछे पहुंचा शातिर चोर
दो घरों से हुए नकदी व जेवरात चोरी के मामलों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी की वारदातों ...और पढ़ें

संस, चौखुटिया : थाना क्षेत्र अंतर्गत दो घरों से हुए नकदी व जेवरात चोरी के मामलों का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले राजमिस्त्री को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जिसे सोमवार को द्वाराहाट के सुरईखेत तिराहे से पकड़ा गया। चोरी हुआ सामान भी बरामद कर लिया गया है। एसएसपी अल्मोड़ा ने त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को एक हजार नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
थाना क्षेत्र अंतर्गत हाल धुधलिया बिष्ट निवासी लाल सिंह भंडारी पुत्र स्व. देव सिंह भंडारी के घर से 27 नवंबर को अज्ञात चोर ने जेवरात व नकदी की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। जिसकी लाल सिंह ने 28 नवंबर को थाने में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की। इससे पूर्व मार्च 2021 को भी नगर के प्रदीप ट्रेडर्स की दुकान से नकदी व सामान चोरी हुई थी। पुलिस टीम ने तमाम स्थानों पर छानबीन व सर्विलांस की मदद से 26 वर्षीय राजमिस्त्री सुब्रत विश्वास पुत्र गंगाधर निवासी रतन फार्म नंबर दो शक्तिफार्म थाना सितारगंज को द्वाराहाट के सुरईखेत तिराहे से पकड़ लिया।
थानाध्यक्ष दिनेश नाथ ने बताया कि चोरी जेवरात व नकदी बरामद कर ली गई है। आरोपी ने नकदी व जेवरात चोरी किया जाना कबूल लिया है। उससे दो लाख 22 हजार के जेवरात, 690 रुपये नकद, पीएनबी की पासबुक व एटीएम मिले हैं। उसके आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
ये रहे टीम में शामिल
गठित टीम में थानाध्यक्ष दिनेश नाथ महंत के अलावा उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह राणा, उपनिरीक्षक सुनील सिंह धनिक, सिपाही बीरेंद्र राय, अनुज त्यागी, रोशन खेड़ा व रजनीश वर्मा शामिल रहे।
