उत्तराखंडियों को मिले वनाधिकार व जड़ी बूटियों पर हक
बागेश्वर में कांग्रेस ने उत्तराखंड के बाशिंदों के लिए जड़ी बूटियों व जंगलात में पुश्तैनी हक देने की मांग की।
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : उत्तराखंड के बाशिंदों को जड़ी बूटियों व जंगलात में पुश्तैनी वन अधिकार व केंद्र सरकार की सेवाओं में आरक्षण समेत तमाम ज्वलंत मुद्दों को लेकर कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने चौघानपाटा में धरना दिया। कांग्रेसियों ने निश्शुल्क बिजली पानी की मांग उठाते हुए बिलों की प्रतियां जलाई।
किशोर उपाध्याय ने उत्तराखंडियों को गिरि व अरण्यजन मानते हुए पुश्तैनी वनाधिकार व हकहकूक बहाल किए जाने की मांग उठाई। साथ ही केंद्र सरकार की सेवाओं में आरक्षण, परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी, प्रतिमाह एक गैस सिलेंडर, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं निश्शुल्क देने पर जोर दिया। वहीं वन्यजीव से जनहानि पर 25 लाख रुपये क्षतिपूर्ति व प्रभावित परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी, वन्यजीवों से फसल क्षति पर प्रतिनाली पाच हजार रुपये मुआवजे, राज्य में शीघ्र चकबंदी की भी पुरजोर मांग उठाई।
इस मौके पर जिलाध्यक्ष पीतांबर पांडेय, जागेश्वर विधायक गोविंद सिंह कुंजवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक मदन सिंह बिष्ट व मनोज तिवारी, नगर अध्यक्ष पूरन सिंह रौतैला, पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, महिला इकाइ जिलाध्यक्ष लता तिवारी, राजेंद्र बाराकोटी, पुष्कर दुर्गापाल, ब्लॉक अध्यक्ष दीवान सतवाल, जिला सचिव दीपाशु पांडेय, बीडीसी शेखर पांडेय, रौबिन भंडारी, हर्ष कववाल, शरद साह, दीपा साह, गोपाल चौहान, अंबीराम, प्रताप सत्याल, निर्मल रावत, दिनेश नेगी, ललित सतवाल, प्रीति बिष्ट, गोपाल भट्ट, जितेंद्र अधिकारी, सुनील कुमार, जितेंद्र तिलारा, आर्शीवाद गोस्वामी, सुभाष वाल्मीकि, अजय कुमार, चंद्रप्रकाश जोशी, करन बिष्ट आदि मौजूद रहे।