सदगुरु में साक्षात परब्रह्मा की शक्ति : सत्यबोधानंद
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में धारानौला स्थित हंस ज्ञान भक्ति आश्रम
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : मानव उत्थान सेवा समिति के तत्वावधान में धारानौला स्थित हंस ज्ञान भक्ति आश्रम में सद्भावना सत्संग समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें हरिद्वार से पहुंचे महात्मा सत्यबोधानंद महाराज ने गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि सद्गुरु में साक्षात परब्रह्मा की शक्ति होती है।
उन्होंने सत्संग में पहुंचे लोगों को समझाया कि मानव जीवन में गुरु को अपनाए बिना मानव जीवन प्राप्त करने का उद्देश्य व्यर्थ है। उन्होंने प्रसंग को आगे बढ़ाते हुए कहा कि भगवान राम, कृष्ण, कबीर आदि सभी ने सद्गुरु की शरण में जाकर आत्मज्ञान की प्राप्ति की। कहा कि जीवन में आत्म ज्ञान की प्राप्ति बहुत जरूरी है। हंस ज्ञान भक्ति आश्रम के प्रभारी महात्मा ज्ञानप्रकाशानंदने कहा कि सद्गुरु की शरण में जाने से ही आत्मज्ञान को प्राप्त किया जा सकता है। नैनीताल से पहुंची महात्मा नित्याबाई ने जीवन में गुरु की महिमा को सुंदर भजनों के माध्यम से रेखांकित किया। इस पर सत्संग में मौजूद लोग भावविभोर हो उठे। इस मौके पर भंडारे का भी आयोजन किया गया। जिसमें नगर व आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। सत्संग का संचालन लक्ष्मण सिंह अधिकारी ने किया। इस मौके पर हर सिंह, लक्ष्मण सिंह जड़ौत, त्रिलोचन पांडे, किशन सिंह, त्रिभुवन जलाल, आनंद सिंह, अमर सिंह, जीवन सिंह, दुर्गा देवी, गोविंदी देवी, कमला बिष्ट, शांति देवी, कमला सनवाल सहित अनेक लोग मौजूद थे।