फिर दरकी थुआ की पहाड़ी, घंटे भर आवाजाही ठप
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे स्थित संवेदनशील थुआ की पहाड़ी एक बार फिर दरक गई।
रानीखेत, जेएनएन : अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे स्थित संवेदनशील थुआ की पहाड़ी एक बार फिर दरक गई। हाईवे पर भौर्या बैंड पर पहाड़ी से गिरा भारी मात्रा में मलबा व बोल्डरों के कारण हाईवे पर एक बार फिर रफ्तार घंटे भर थमी रही। जेसीबी मशीन के जरिये मलबा हटाया गया। तब जाकर आवाजाही सुचारू हो सकी।
बीते 18 मार्च को करीब 11 घटे हाईवे पर यातायात ठप रहने के बाद शनिवार को भौर्या बैंड स्थित थुआ की पहाड़ी से एक बार फिर भूस्खलन हो गया। पहाड़ी से भारी मात्रा में मलबा व बोल्डर हाईवे पर आ गिरे। जिससे आवाजाही बंद हो गई। दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई। पहाड़ से तराई व तराई से पहाड़ जा रहे छोटे बड़े वाहन हाईवे पर जहा तहा फंस गए। यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सूचना पर एनएच के कर्मचारी मय जेसीबी मशीन मौके पर पहुंचे। बामुश्किल मलवा व बोल्डर हटाए जा सके। तब जाकर करीब एक घटे बाद हाईवे पर यातायात सुचारू हो सका।