सुपरस्टार रजनीकांत ने झेला जाम का झाम, ऐसे निकले
सिने अभिनेता रजनीकांत द्वाराहाट में दो दिनी आध्यात्मिक प्रवास के बाद लौटते वक्त अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर डेंजर जोन पाडली में जाम से परेशान रहे।
रानीखेत, अल्मोड़ा [जेएनएन]: सिने अभिनेता रजनीकांत द्वाराहाट में दो दिनी आध्यात्मिक प्रवास के बाद लौटते वक्त अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर डेंजर जोन पाडली में जाम से परेशान रहे।
द्वाराहाट स्थित योगदा आश्रम में ठहरे परमहंस योगानंद के शिष्य रजनीकांत सोमवार को अपने गुरु भाई श्रीहरि के साथ करीब दोपहर 12 बजे कोसी घाटी पहुंचे। यहां से वह सीधे हल्द्वानी को रवाना हुए, लेकिन भूस्खलन के लिहाज से अतिसंवेदनशील पाडली के समीप जाम लग गया। इसमें दक्षिण भारत के थलाइवा (बॉस) का वाहन भी फंस गया। करीब आधा घंटे तक जाम में फंसे रजनीकांत को दैनिक जागरण टीम ने यात्रियों की मदद से बमुश्किल वाहन निकलवाया। तब जाकर सिने अभिनेता के वाहन को आगे बढ़ने को जगह मिल सकी।
रजनीकांत ने जल्द पुनः आने का वादा किया
सिने अभिनेता दो दिनी आध्यात्मिक प्रवास के बाद लौट गए हैं। करीबी सूत्रों ने बताया कि परमहंस योगानंद के शिष्य रजनीकांत ने अनुयायियों से द्वाराहाट बहुत जल्द पुनः आने का वादा किया। बीते रोज अभिनेता से नेता बने रजनीकांत ने अध्यात्म का ज्ञान प्राप्त करने के लिए पांडवखोली स्थित महावतार बाबा की गुफा में करीब एक घंटा ध्यान लगाया था।
रजनीकांत के इस तीसरे आध्यात्मिक प्रवास को आगामी जुलाई में रिलीज होने जा रही फिल्म 'काला' की सफलता को मिन्नत के साथ ही राजनीतिक करियर की थाह लेने से भी जोड़ कर देखा जा रहा है। हालांकि रजनीकांत ने राजनीति व फिल्म पर बात करने से साफ मना करते हुए दोहराया-केवल अध्यात्म। रजनीकांत अपने करीबी व गुरुभाई श्रीहरि के साथ हल्द्वानी, फिर दिल्ली से चेन्नई रवाना हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें: शाहिद और श्रद्धा कपूर की एक झलक को बेताब दिखे लोग
यह भी पढ़ें: अभिनेता कार्तिक आर्यन बोले, 'सोनू के टीटू की स्वीटी' ने बदल दी मेरी लाइफ