विवाहिता की मौत पर मुकदमा दर्ज
संवाद सहयोगी द्वाराहाट तहसील के देवलधार गांव में कुछ दिन पूर्व विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियो
संवाद सहयोगी, द्वाराहाट : तहसील के देवलधार गांव में कुछ दिन पूर्व विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुरालियों पर विवाहिता का मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न करने तथा उसकी हत्या का सनसनीखेज आरोप लगाया है। राजस्व पुलिस ने आरोपित पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजस्व चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत कामा स्थित देवलधार निवासी महेंद्र सिंह की पत्नी मुन्नी देवी (35) की हल्द्वानी में उपचार के दौरान मौत हो गई। बताते हैं कि बीती 14 मार्च को महिला ने विषाक्त पदार्थ खा लिया था। आनन-फानन में परिजन मुन्नी देवी को पहले गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय रानीखेत ले गए। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया। जहा उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
इधर बुढ्डा सुरना निवासी मृतका के मायके वालों ने आत्महत्या की बात को खारिज कर ससुराल पक्ष पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। इस मामले में राजस्व चौकी कामा में रिपोर्ट दर्ज करवा दी है। मृतका की मां राधा देवी ने कहा कि 18 वर्ष पूर्व हुई शादी के बाद से ही पति, सास व देवर मिलकर मुन्नी को दहेज के लिए मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करते आ रहे थे। आरोप है कि घटना वाले दिन भी उसके साथ मारपीट की गई।
मृतका के पति महेंद्र की बिंता घाटी में दुकान है। बड़ी पुत्री उपासना 10वीं तथा पुत्र विवेक 8वीं में पढ़ता है। राजस्व उपनिरीक्षक नवीन चंद्र के अनुसार विवाहिता की मौत विषपान के कारण हुई। चूंकि मृतका की मां ने ससुरालियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है लिहाजा उसकी प्रति न्यायालय में प्रस्तुत कर विवेचना शुरू कर दी है। मुन्नी देवी ने जहरीला पदार्थ क्यों गटका, इस पर भी जांच की जा रही।