शुभम मेहरा बने ओवरऑल चैंपियन
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में शरीर सौष्ठव प्रतियोगिता का
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में शरीर सौष्ठव प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें शुभम मेहरा ओवर ऑल चैंपियन के साथ ही मिस्टर अल्मोड़ा चुने गए। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।
स्थानीय नंदादेवी मंदिर परिसर में हुई प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने क्रमबद्ध तरीके से शरीर के मांसपेशियों का प्रदर्शन किया। इसके बाद प्रतिभागियों ने संगीत के सुरों के साथ लयबद्ध क्रम में अपने-अपने अंदाज में अपने मजबूत शरीर का प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर खूब तालियां बटोरी। इस प्रतियोगिता में शुभम मेहरा ओवर ऑल चैंपियन के साथ ही मिस्टर अल्मोड़ा चुने गए। विकास कुमार मिस्टर मसल्स मैन ऑफ अल्मोड़ा के साथ ही दूसरे स्थान पर रहे। मोहम्मद साजिद को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। इससे पूर्व उत्तराखंड बॉडी बिल्डिंग संघ के उपाध्यक्ष गिरीश मल्होत्रा ने बॉडी बिल्डिंग में अपनाई जाने वाली सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। योगेश जोशी ने बॉडी बिल्डिंग के अंतर्गत आने वाली नख से शिखा तक सात पोजेज जिसके माध्यम से शरीर की 635 मांस पेशियों को प्रदर्शित करने की क्रमबद्धता की जानकारी दी। पूर्व मिस्टर अल्मोड़ा राजू गिरी ने भी अपने सुडौल शरीर के मांसपेशियों का प्रदर्शन किया। योगेश जोशी की ओर से उन्हें पांच सौ रूपये का पारितोषिक प्रदान किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायकों में राष्ट्रीय जज गिरीश मल्होत्रा तथा स्टेज मार्शल उबेश खान शामिल रहे। संचालन योगेश जोशी ने किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के तौर पर नंदा देवी मंदिर के पुजारी हरीश जोशी, मुन्ना वर्मा, धनंजय साह, दानिश अंसारी, हरबू साह, अर्जुन सिंह चीमा, चंद्रशेखर कांडपाल, परीक्षित साह, भरत साह के साथ ही नगर के विभिन्न वार्डो के लोग शामिल रहे।