महासंकट की पीड़ा पर भारी युवा टोली का श्रमदान
कोरोना से जंग के बीच जाखरौतेला गांव (लमगड़ा ब्लॉक) की युवा फौज ने श्रमदान कर खड़ा किया मंदिर का ढांचा।
अल्मोड़ा, जेएनएन : कोरोना से जंग के बीच जाखरौतेला गांव (लमगड़ा ब्लॉक) की युवा फौज ने जो पहल की। वह धरातल पर आकार लेने के साथ ही प्रेरणा भी दे रही है। बगैर किसी सरकारी मदद युवाओं ने चंदा एकत्र किया। पत्थर ईट ढोए। पाई पाई जोड़कर 13 लाख रुपये एकत्र किए। गारा तैयार करने में भी हाथ बंटाया। अब गांव में पौराणिक मां भगवती व लोकदेवता ऐड़ज्यू मंदिर का 51 फीट ऊंचा सुंदर ढांचा तैयार कर लिया गया है। अब उसे मूर्तरूप देने के लिए पुन: चंदा जुटाया जाएगा। गांव में युवाओं के इस कदम की मिसालें दी जा रही हैं।
लॉकडाउन में जाखरौतेला गांव की युवा टोली ने शारीरिक दूरी का पालन कर महासंकट जनित अवसाद को मेहनत से मात देने का मन बनाया। तय हुआ कि गांव में प्राचीन मां भगवती व लोकदेवता ऐड़ज्यू के छोटे मंदिर को भव्य स्वरूप दिया जाए। सामाजिक व रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े ग्राम विकास मंच ने चंदा जुटाने का जिम्मा लिया। फोन से एक दूसरे संपर्क साध वाट्सएप गु्रप बनाया गया। मंच अध्यक्ष सुनील रौतेला व ग्राम प्रधान गोविंद सिंह रौतेला ने श्रमदान का बीड़ा उठाया। सभी को एकजुट किया तो प्रेम सिंह रौतेला, बालम रौतेला, दिवान सिंह, पूरन सिंह बिष्ट, रमेश सिंह, राहुल रौतेला, त्रिभुवन बिष्ट, अनिल रौतेला, पंकज सिंह, शेर सिंह बिष्ट, बालम सिंह रौतेला, गोधन सिंह, अनिल रौतेला आदि साथ हो लिए। लॉकडाउन में फंसे रह गए गुड़गांव में प्रवासी पूरन सिंह रौतेला ने भी श्रमदान के लिए हामी भर ली।