युग पुरुष की तपोस्थली में लगी शारदा मां की रसोई
संवाद सहयोगी रानीखेत निर्धन परिवारों के लिए युग पुरुष स्वामी विवेकानंद की तपोस्थली का
संवाद सहयोगी, रानीखेत : निर्धन परिवारों के लिए युग पुरुष स्वामी विवेकानंद की तपोस्थली काकड़ीघाट में शारदा मां की रसोई लगी। इसमें आसपास के गांवों के 25 परिवारों को अनाज बांटा गया। इससे पूर्व युग पुरुष के अनुयायियों में शामिल रहे स्वामी अखंडानंद की जयंती मनाई गई।
काकड़ीघाट धाम में सोमवार को स्वामी अखंडानंद की जयंती धूमधाम से मनाई गई। प्रवचकों ने स्वामी विवेकानंद की जीवनी पर प्रकाश डाल, उनके विचारों को आत्मसात करने का आह्वान किया। इस दौरान स्वामी विवेकानंद सेवा समिति की ओर से गरीब परिवारों के लिए शारदा मां की रसोई लगाई गई। गरीबों को खाद्यान्न वितरण के लिए यह रसोई प्रत्येक दो माह बाद लगाई जाती है। अध्यक्ष रामकृष्ण कुटीर अल्मोड़ा से पहुंचे धु्रवेशानंद ने कहा कि गरीबों की सेवा ही सच्ची सेवा है। उन्होंने समिति की काकड़ीघाट शाखा की रचनात्मक व सामाजिक गतिविधियों को सराहनीय बताया। एनएसएम पब्लिक स्कूल के बच्चों ने ध्यान योग किया। अध्यक्षता समिति शाखा अध्यक्ष हरीश परिहार ने की। बाद में राजकोट आश्रम गुजरात से स्वामी अखिलेश्वरानंद, स्वामी नरसिम्हानंद, ब्रह्मचारी अनुराग महाराज, साहित्यकार देवकीनंदन कांडपाल आदि ने कर्कोटेश्वर महादेव, भैरवनाथ मंदिर में जलाभिषेक किया। साथ ही उस ज्ञान वृक्ष के क्लोन से तैयार पीपल के पेड़ों के भी दर्शन किए जिसकी छांव में युग पुरुष ने ध्यान लगा सूक्ष्म ब्रह्मांड का ज्ञान लिया था। इस मौके पर विशन राम, व्यवस्थापक सुरेंद्र कनवाल, सहव्यवस्थापक रमेश कांडपाल, जानकी ढौंढियाल, राजेंद्र परिहार, किशन ढौंढियाल, चंदन सिंह गौणी, बालम सिंह आदि मौजूद रहे।