यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 19, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अतिक्रमण हटाने में पालिका व जिला प्रशासन नाकाम

जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा : नगर के संकरे और सार्वजनिक स्थलों से अतिक्रमण हटाने में पालिका और जिला प्रशासन लगातार नाकाम साबित हो रहा है। नतीजा यहां से गुजरने वाले राहगीर जहां लगातार चोटिल हो रहे हैं। वहीं महिलाओं, छोटे बच्चों और वृद्ध लोगों के लिए इन स्थानों पर खतरा बढ़ रहा है।
नगर के एलआरसाह मार्ग से नंदा देवी की ओर जाने वाले मार्ग का हाल भी कुछ ऐसा ही है। इस मार्ग पर अवैध रूप से इतने दोपहिया वाहन खड़े रहते हैं कि कब कौन सा हादसा हो जाए कह नहीं सकते। नगरवासियों ने इस अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए कई बार पालिका और जिला प्रशासन से गुहार लगाई। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिस कारण इस मार्ग पर आए दिन कई लोग चोटिल हो रहे हैं। नगर की इस ज्वलंत समस्या से निजात पाने के लिए चार दर्जन से अधिक स्थानीय लोगों का शिष्टमंडल सोमवार को पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी और जिलाधिकारी अल्मोड़ा से मिला। शिष्टमंडल के सदस्यों ने इस मार्ग से अवैध अतिक्रमण हटाने और इस मार्ग पर बैरियर लगाने के लिए शीघ्र कार्रवाई की मांग की। ताकि कोई अप्रिय घटना सामने न आने पाए।
:::::::::::::::::::::::इंसेट
प्रभावित परिवार को मिले मदद
अल्मोड़ा: एलआर साह मार्ग से नंदा देवी मार्ग पर अवैध अतिक्रमण के दौरान बीते दिनों नंदा देवी निवासी सुमन सनवाल पत्नी अनिल सनवाल बीते दिनों बुरी तरह चोटिल हो गई थी। चिकित्सक ने हादसे में उनकी रीढ़ की हड्डी टूटने की बात कही है। नगरवासियों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए इस हादसे के लिए पालिका, जिला प्रशासन और जल संस्थान को दोषी ठहराते हुए पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद देने की भी मांग की है।
