स्काउट-गाइडों ने जाने यातायात के नियम
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : विकास खंड हवालबाग के विद्यालयों के स्काउट-गाइडों का पांच दिनी तृतीय
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : विकास खंड हवालबाग के विद्यालयों के स्काउट-गाइडों का पांच दिनी तृतीय सोपान शिविर जारी है। रविवार को तीसरे दिन स्काउट व गाइडों को यातायात के नियमों की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही इन नियमों की जानकारियां अपने आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी दिए जाने का आह्वान किया गया। इसके अलावा बीपी-6 गांठ बंधन के बारे में भी बताया गया।
नगर के मानस पब्लिक स्कूल ढूंगाधारा परिसर में चल रहे तीसरे दिन की शुरुआत ध्वजारोहण के साथ हुई। इसके बाद बौद्धिक सत्र में प्रतिभागियों को विविध विषयों की जानकारी दी गई। शिविर आयोजन समिति के अध्यक्ष कुंदन सिंह चम्याल ने स्काउट-गाइड को समाज सेवा का बेहतर माध्यम बताया। कहा कि इससे समाज में रह रहे लोगों की बेहतर सेवा की जा सकती है। उन्होंने समाज में लगातार बढ़ रही सामाजिक कुरीतियों के खात्मे को भी आगे आने का आह्वान किया। समिति के सचिव कमल कुमार बिष्ट ने शिविर में अनुशासन व स्वच्छता पर खास जोर दिया। सब इंसपेक्टर दरवान अस्वाल तथा यातायात प्रभारी विजय बिष्ट ने स्काउट व गाइडों को यातायात नियमों की जानकारी दी। साथ ही सड़क किनारे लगने वाले संकेतकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. माथुर ने आपदाकाल में प्राथमिक चिकित्सा के बारे में बताया। वक्ताओं ने बालिका शिक्षा के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही स्वच्छता के महत्व को भी उजागर किया। कहा कि अपने आसपास के परिवेश को स्वच्छ रखा जाना जरूरी है। इस मौके पर विद्यालय की प्रधानाचार्य निराजना पांडे, रंजना भंडारी, पवन राणा, चंदन मेर, एमसी भट्ट, पीसी पांडे, मंजू बिष्ट, राजेंद्र सिंह खड़ायत, दिगंबर दत्त फुलोरिया, मनोहर राम, गुरुदेव जोशी समेत विकास खंड क्षेत्र से पहुंचे अनेक स्काउट-गाइड मौजूद थे।