प्रदीप ने अल्मोड़ा आकर लिया स्ट्रांग रूम का जायजा
संवाद सहयोगी अल्मोड़ा टिकट से लेकर मतदान तक रात-दिन मशक्कत के बाद कांग्रेस पार्टी के उ
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : टिकट से लेकर मतदान तक रात-दिन मशक्कत के बाद कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार एवं राज्य सभा सदस्य प्रदीप टम्टा चुनावी थकान मिटाते नजर आए। मतदान के बाद गुरुवार देर रात प्रदीप अपने परिवार के साथ अल्मोड़ा पहुंच गए थे। शुक्रवार को उन्होंने होटल मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट अल्मोड़ा में बनाए गए स्ट्रांग रूम का जायजा लिया। बाद में कार्यकर्ताओं से बूथों पर मतदान पर मंत्रणा भी की।
लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद अल्मोड़ा के एक होटल में रुके प्रदीप टम्टा सुबह साढ़े छह बजे उठ गए थे। जिसके बाद उन्होंने चाय की चुस्कियों के साथ दैनिक जागरण एवं अन्य अखबारों पर निगाह डाली। आठ बजे पत्नी रेनू टम्टा, बेटी प्राची और प्रज्ञा के साथ नाश्ता किया। दोपहर में वह पार्टी कार्यकर्ताओं से मिले और फिर उन्होंने मतदान पर काफी देर तक कार्यकर्ताओं से मंत्रणा की। बातचीत के बाद प्रदीप कार्यकर्ताओं के साथ करबला स्थित होटल मैनेजमेंट संस्थान पहुंचे और स्ट्रांग रूम का जायजा भी लिया। उसके बाद प्रदीप वापस होटल लौट आए और अपने परिवार के साथ समय बिताया।
----------
चुनाव लोकतंत्र की एक प्रक्रिया है। इस बार लोगों ने लोकसभा चुनावों में केंद्र सरकार की नीतियों से त्रस्त होकर कांग्रेस पार्टी पर अपना विश्वास व्यक्त किया है। केंद्र सरकार ने अपने पांच सालों के कार्यकाल में कोई भी ऐसा काम नहीं किया जो देश की जनता के हित में हो। मतदाताओं को सिर्फ सपने दिखाए गए। धरातल पर कोई विकास कार्य नहीं किया गया। इसलिए मुझे उम्मीद है कि चुनाव के परिणाम कांग्रेस पार्टी के पक्ष में होंगे।
प्रदीप टम्टा, कांग्रेस उम्मीदवार, अल्मोड़ा लोकसभा