अनशनकारियों को पुलिस ने जबरन उठाया
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : आल्पस कंपनी के संचालन और वेतन की मांग को लेकर आमरण अनशन कर र
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : आल्पस कंपनी के संचालन और वेतन की मांग को लेकर आमरण अनशन कर रहे दो कर्मचारियों को पुलिस और प्रशासन की टीम ने अनशन स्थल से जबरन उठाकर अस्पताल में भर्ती कराया है। चिकित्सकों के स्वास्थ्य परीक्षण के बाद इन अनशनकारियों के स्वास्थ्य में गिरावट दर्ज की गई थी।
आल्पस कंपनी के संचालन और वेतन देने की मांग को लेकर आल्पस के डेढ़ सौ से अधिक कर्मचारी पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं। अपनी मांग पर कोई कार्रवाई न होने पर आंदोलनकारियों ने कुछ दिनों पहले से आमरण अनशन शुरू कर दिया था। शनिवार को चिकित्सकों ने अनशनकारियों के स्वास्थ्य परीक्षण के बाद प्रशासन को अनशनकारियों के स्वास्थ्य में गिरावट होने की रिपोर्ट दी तो प्रशासन हरकत में आ गया। तहसीलदार खुशबू आर्या और कोतवाल अरूण वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम अनशन स्थल पर पहुंची और आमरण अनशन पर बैठे बलवंत बिष्ट और महेंद्र सिंह को जबरन उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से गुस्साए आल्पस कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और हेम चंद्र गुरुरानी और देवकी नंदन पांडे फिर भूख हड़ताल पर बैठ गए। कर्मचारियों ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी मांग पर कार्रवाई न कर प्रशासन उनकी अनदेखी कर रहा है और आंदोलन कारियों को जबर्दस्ती अनशन से उठाया जा रहा है। कर्मचारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि जब तक उनकी मांग पर कार्रवाई नहीं होगी। तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। रविवार को अनशन स्थल पर राजू गिरि, कौस्तुब तिवारी, देवेंद्र किरौला, कुंदन भोज, मनोज सनवाल, त्रिलोचन जोशी, गीता बिष्ट, जगमोहन बिष्ट, किरन साह, नीमा रौतेला, माया पुनेठा, अशोक साह समेत अनेक कर्मचारी मौजूद रहे।