नई पेंशन व्यवस्था के खिलाफ कार्मिकों ने खोला मोर्चा
पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर राज्य कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है।
संस, चौखुटिया: पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर राज्य कर्मचारियों ने मोर्चा खोल दिया है। आंदोलन के पहले चरण में देशभर में जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपे जा रहे हैं। इस क्रम में पुरानी पेंशन बहाली मंच ब्लाक इकाई के आह्वान पर बुधवार को मंच पदाधिकारियों ने प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के नाम ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि प्रकाश रावत व जिपंस उमा आर्य को ज्ञापन सौंपे। इसमें जल्द से जल्द नई पेंशन व्यवस्था के स्थान पर पुरानी पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि वर्ष 2005 के बाद नियुक्त लोक सेवकों की पुरानी पेंशन व्यवस्था समाप्त कर नई पेंशन व्यवस्था लागू किए जाने का राज्य कार्मिक लंबे समय से विरोध कर रहे हैं। नई पेंशन व्यवस्था कर्मचारियों के हितों के साथ अन्याय है। इससे कर्मचारियों का भविष्य असुरक्षित हो गया है। कई बार आंदोलन चलाने के बाद भी मांग आज भी यथावत बनी है। ज्ञापन देने वालों में दिनेश चंद्र रावत, राजेंद्र प्रसाद, जीवन मेहरा, गिरीश मठपाल, मंजू शर्मा, देवेंद्र आर्य, उमेश त्रिपाठी, मुकेश पुनेठा, सतीश तिवारी व विकास भारती आदि शामिल थे।