नैनवाल की घर वापसी से उत्पन्न विवाद पर विराम
संवाद सहयोगी भिकियासैंण भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय टम्टा के खिलाफ गत विधानसभा चुनाव में चु
संवाद सहयोगी, भिकियासैंण: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय टम्टा के खिलाफ गत विधानसभा चुनाव में चुनाव लड़ चुके बागी डॉ. प्रमोद नैनवाल की घर वापसी को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उभरे विरोध पर विराम लग गया है। पार्टी के जिलाध्यक्ष गोबिंद पिलख्वाल ने शनिवार को कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर मामले का पटाक्षेप किया। इसके साथ ही पदाधिकारियों ने सौंपे सामूहिक इस्तीफे वापस ले लिए हैं।
विदित हो कि गुरुवार को अल्मोड़ा में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष केदार जोशी की मौजूदगी में पूर्व से बागी चले आ रहे प्रमोद नैनवाल को फिर पार्टी में शामिल कर लिया गया। इसके खिलाफ ताड़ीखेत, भिकियासैंण व रानीखेत मंडलों के पदाधिकारी व कार्यकर्ता विरोध में उतर आए तथा पार्टी से बगावत शुरू हो गई। करीब 19 पदाधिकारियों ने इस्तीफे भी दे डाले। मामले को गंभीरता से लेकर शनिवार को जिलाध्यक्ष ने पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक ली एवं मामले को सुलझा लिया। इसके साथ ही नैनवाल को पार्टी में शामिल करने का विवाद थम गया एवं सभी ने एकजुटता के साथ पार्टी प्रत्याशी को जिताने का संकल्प लिया। इस अवसर पर महामंत्री प्रेम शर्मा, आनंद डंगवाल, प्रमोद नैनवाल, त्रिलोक सिंह भंडारी, ध्यान सिंह नेगी, मदन मेहरा, लक्ष्मी दत्त, प्रकाश जोशी, देव गिरि, तारा दत्त शर्मा, लीला बिष्ट, निर्मला शर्मा, दरवान सिंह व पूरन सिंह आदि मौजूद थे।