अल्मोड़ा से भी शुरू हुआ केमू बसों का संचालन
जिला मुख्यालय से केमू बसों का संचालन गुरुवार को 108 दिनों के बाद हुआ। पहले दिन अल्मोड़ा-हल्द्वानी मार्ग पर दो सेवाओं का संचालन हुआ।
अल्मोड़ा, जेएनएन : जिला मुख्यालय से केमू बसों का संचालन गुरुवार को 108 दिनों के बाद हुआ। पहले दिन अल्मोड़ा-हल्द्वानी मार्ग पर दो सेवाओं का संचालन किया गया। दो बसों में महज 11 यात्री ही गंतव्य को रवाना हुए। इधर, रोडवेज की बसों में भी यात्रियों का टोटा बरकरार है।
केमू बसों का संचालन हो जाने से लोगों ने राहत की सांस ली है। गुरुवार को केमू की दो बसें हल्द्वानी रूट पर चलाई गईं। पहली बस सुबह 9.30 बजे रवाना हुई। जिसमें सवारियों की संख्या महज चार रही। वहीं अपराह्न 1.30 बजे की सेवा में केवल सात यात्री ही गंतव्य को रवाना हुए। केमू प्रभारी बीसी चंदोला ने बताया कि गुरुवार को भी अल्मोड़ा-गंगोलीहाट वाया गरुड़ सेवा में सवारी नहीं मिलने से इस सेवा का संचालन नहीं हो पाया। इधर, 25 जून से संचालित की जा रही रोडवेज बसों में भी सवारियों का टोटा बरकरार है। रोडवेज ने यात्रियों के हित में अभी छह सेवाएं शुरू की हैं। गुरुवार को अल्मोड़ा-अठपेसिया पर दो, अल्मोड़ा-टनकपुर पर पांच, अल्मोड़ा-हल्द्वानी मार्ग पर सुबह आठ बजे वाली सेवा में दो, अल्मोड़ा-बागेश्वर वाया टनकपुर में आठ, अल्मोड़ा-बागेश्वर वाया गरुड़ में 11 तथा अल्मोड़ा-हल्द्वानीअपराह्न डेढ़ बजे वाली सेवा में छह यात्री अपने-अपने गंतव्य को रवाना हुए। रोडवेज के वरिष्ठ स्टेशन इंचार्ज केसी जोशी ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए बसों को रोज नियमों के तहत सैनिटाइज किया जा रहा है। शासन व निगम के दिशा-निर्देशों का पूरा पालन किया जा रहा है।