दुर्गा दुर्गति दूर कर, मंगल कर सब काज
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा: अश्विन मास की शारदीय नवरात्र के तहत शुक्रवार को मंदिरों, पूजा पंडालों व घरों
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा: अश्विन मास की शारदीय नवरात्र के तहत शुक्रवार को मंदिरों, पूजा पंडालों व घरों में दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की पूजा हुई। इस मौके पर मंदिरों व दुर्गा पूजा पंडालों में बड़ी संख्या में लोगों ने दर्शन पूजन कर मां से सुख, शांति के साथ ही निरोगी काया का आशीर्वाद मांगा। पूजा पंडालों में दिन भर भजन व कीर्तन से मां की महिमा का गुणगान किया गया। उधर विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के हवालबाग प्रक्षेत्र में भी पांच दिवसीय दुर्गा पूजन महोत्सव का श्रीगणेश हुआ। शुक्रवार को दुर्गा के छठे स्वरूप कात्यायनी की पूजा अर्चना की गई। नगर व आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने नगर के गंगोला मोहल्ला, ढूंगाधारा, लाला बाजार , राजपुरा, लक्ष्मेश्वर, चौघानपाटा, न्यू इंदिरा कॉलोनी खत्याड़ी, पातालदेवी, धारानौला व ऑफीसर्स कॉलोनी में दुर्गा पूजा पंडाल में स्थापित मां दुर्गा की पूजा अर्चना की। इधर नगर स्थित देवी मंदिरों में भी लोगों ने पूजा अर्चना की। इधर दुर्गा समिति लक्ष्मेश्वर में आसपास के क्षेत्रों की भजन मंडली ने भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर मां आदि शक्ति की महिमा का यशोगान किया। इधर नगर के बालेश्वर वार्ड के ढूंगाधारा में चल रही देवीभागवत कथा में व्यास पं. दीप चंद्र शास्त्री ने कहा कि ईष्र्या, परनिंदा व अहंकार भगवत प्राप्ति तथा मनुष्य के विकास में बाधक हैं, इसलिए इन सबसे दूर रहना ही श्रेयस्कर है। इससे पूर्व परिसर में देवी विभिन्न प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। जिसमें स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। इस मौके पर कुंदन चम्याल, कमल बिष्ट, ईश्वरी दत्त जोशी, मंजू बिष्ट, रंजना भंडारी, कविता जोशी, बीना रौतेला, हेमा चम्याल, आनंद बल्लभ जोशी, दया जोशी समेत अनेक लोग मौजूद थे।