विधायक मेहरा ने किया सघन भ्रमण, समस्याएं सुनी
संवाद सहयोगी, भिकियासैंण: रानीखेत के विधायक करन मेहरा ने विकास खंड के हरनोली, धारड़, ि
संवाद सहयोगी, भिकियासैंण: रानीखेत के विधायक करन मेहरा ने विकास खंड के हरनोली, धारड़, सिनौड़ा, बटिया, नौघरिया, डुमडोली व पातली समेत आसपास के गांवों का सघन भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी तथा उनके यथासंभव निस्तारण का भरोसा भी दिलाया। विभिन्न विकास कार्यो के लिए विधायक विकास निधि से करीब 35 लाख की धनराशि देने की घोषणा की। इस दौरान उन्होंने कई स्थानों पर जनसभाओं को भी संबोधित किया। स्थान स्थान पर लोगों ने उनका फूल मालाओं से भव्य स्वागत किया।
सभाओं को संबोधित करते हुए प्रदेश सरकार पर गांवों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। कहा कि प्रदेश में जब से सरकार बदली है विकास कार्य ठप हो गए हैं। सरकार द्वेष भावना से कार्य कर रही है। कांग्रेस शासन में स्वीकृत विकास योजनाओं को बंद किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनका प्रयास हर समस्या का निस्तारण करना है। इसीलिए वे गांव गांव जाकर समस्याएं सुन रहे हैं। ग्रामीणों से विकास कार्यो में सहयोग का भी आह्वान किया। सिनौड़ा में सभा की अध्यक्षता देव गिरि व संचालन जय प्रकाश नेगी ने किया।
सभा को महिपाल बिष्ट, गुड्डू खान, कृपाल नेगी, पूरन खत्री, नवीन जोशी, मदन सिंह रावत, रमेश किरौला, पूरन मावड़ी, पूरन नाथ व रमेश राम आदि ने संबोधित किया। भ्रमण में विधायक ने धारड़ में मंदिर विकास के लिए 3 लाख, गैरगांव पेयजल योजना 1 लाख, पंतगांव में पेयजल टैंक निर्माण 1 लाख, मटेला मंदिर विकास 3 लाख, गंगोड़ा सीसी मार्ग 2 लाख, टानी व हरनोली में मंदिर के लिए 2-2 लाख, चनाली में पेयजल टैंक 1 लाख, धरनोली मंदिर को डेढ़ लाख, सिनौड़ा में पेयजल टैंक 1 लाख व ब्रहमबाखली में मंदिर विकास के लिए 1 लाख की धनराशि विधायक निधि से देने की घोषणा की।