जरूरी बाजार बना माइक्रो कंटेनमेट जोन
स्वास्थ्य कर्मियों समेत चार लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद हलकान स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है।
रानीखेत, जेएनएन : स्वास्थ्य कर्मियों समेत चार लोगों के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद हलकान स्वास्थ्य विभाग व प्रशासन ने सक्रियता बढ़ा दी है। नगर के जरूरी बाजार क्षेत्र में माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। करीब दो सौ से अधिक लोगों के स्वैब सैंपल भी ले लिए गए हैं। संक्रमण ना फैले इसके लिए तैयारी तेज कर दी गई है।
सीएचसी ताड़ीखेत के दो कर्मचारी, व्यापारी व एक अन्य व्यक्ति के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद ताड़ीखेत ब्लॉक के समीपवर्ती पांडेकोटा गाव में दो सौ से अधिक लोगों को होम क्वारंटाइन किए जाने के बाद अपर जिलाधिकारी नितिन भदोरिया के निर्देश पर नगर स्थित जरूरी बाजार क्षेत्र में माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। जहा पर करीब 90 से अधिक लोग होम क्वारंटाइन रहेंगे। उन्हें बाहर आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। एक-एक कर सभी लोगों के स्वैब नमूने लिए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग की दो टीमें स्वयं के नमूने लेने में जुट गई हैं। वहीं प्रशासन व पुलिस ने भी निगरानी बढ़ा दी है। नायब तहसीलदार दलीप सिंह के अनुसार संक्रमण न बढ़े। इसके लिए सभी तैयारिया पूरी कर ली गई हैं। विशेष निगरानी के साथ कार्य किया जा रहा है। रोजाना की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भी भेजी जा रही है। इधर, संक्रमण की रोकथाम को ताड़ीखेत मुख्य बाजार, अस्पताल परिसर व नगर क्षेत्र में कई जगह सैनिटाइज अभियान भी चलाया गया। लोगों को बिना मास्क लगाए बाजार में ना निकलने का आह्वान भी पुलिस व प्रशासन ने किया है। प्रशासनिक टीम ने लोगों से खुद ही आकर स्वैब के नमूने दिए जाने की अपील भी लोगों से की है।