अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट में हाई वोल्टेज ड्रामा, विवाहित प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी महिला
अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट में एक विवाहित प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी महिला ने जमकर हंगामा किया और आत्महत्या ...और पढ़ें
HighLights
महिला ने विवाहित प्रेमी के साथ रहने की जिद की
कलेक्ट्रेट परिसर में आत्महत्या की धमकी देकर हंगामा
पुलिस हस्तक्षेप के बाद वन स्टॉप सेंटर में समझौता
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। विवाहित प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी एक महिला ने कलेक्ट्रेट परिसर में जमकर हंगामा काटा। यहां तक कि विवाहित प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ी महिला ने आत्महत्या तक की धमकी दे डाली। इससे कलक्ट्रेट परिसर में अफरा तफरी मच गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को बल प्रयोग कर महिला को परिसर से बाहर निकालना पड़ा।
अल्मोड़ा के लमगड़ा क्षेत्र निवासी विवाहित युवक और पिथौरागढ़ निवासी महिला गुड़गांव में लंबे समय से रहते थे। बताया कि जा रहा है कि कुछ समय पहले उनकी दोस्ती हुई, दोस्ती प्रेम में बदल गई। करीब एक साल से दोनों गुड़गांव में एक साथ रहने लगे। सब कुछ ठीक चल रहा था। लेकिन बीते तीन दिन पहले युवक अपने गांव पहुंच गया।
इस बात का पता लगने पर महिला भी युवक के पीछे-पीछे यहां अल्मोड़ा तक पहुंच गई। जिसके बाद महिला विवाहित प्रेमी के साथ रहने की जिद पर अड़ गई। बाद में मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। यहां से दोनों पक्षों के बीच विवाद सुलझाने के लिए एक दिन पहले कोतवाली में बातचीत और समझौते का प्रयास किया गया था, लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
इसके बाद महिला अपनी बात रखने के लिए एसडीएम के पास पहुंच गई। यहां भी विवाद बढ़ने पर महिला ने हंगामा काटना शुरू कर दिया। महिला अपनी मांग पर अड़ी रही, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। हालात संभालने के लिए पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। लेकिन महिला हंगामा काटती रही।
महिला के जोर जोर से चिल्लाने से कलक्ट्रेट में दिन भर हड़कंप मचा रहा। महिला का पुत्र भी महिला के साथ था। पुलिस कर्मियों ने जैसे तैसे महिला को वाहन में बैठाकर वन स्टाप सेंटर पहुंचाया। जहां बुधवार को दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ। जिसके बाद मामला शांत हो गया।
पहले पेड़ पर चढ़कर दी आत्महत्या की धमकी
पुलिस को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक महिला आत्महत्या करने जा रही है। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। यहां से महिला को लेकर महिला कोतवाली लाए। लेकिन महिला ने वहां भी हंगामा काटा। प्रेम प्रसंग से जुड़ा यह मामला दिन भर चर्चाओं में रहा। बताया कि जा रहा है कि महिला एक पुत्र है और युवक के दो बच्चे हैं।
दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। युवक का शांति भंग के तहत चालान काटा गया है। महिला को सुरक्षा की दृष्टि से उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया है। - जानकी भंडारी, प्रभारी महिला कोतवाली अल्मोड़ा
