वीकेंड पर जागेश्वर धाम में उमड़ा जनसैलाब, दण्डेश्वर तक लगा भीषण जाम
वीकेंड पर अल्मोड़ा के प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे वाहनों का दबाव बढ़ गया।
HighLights
वीकेंड पर जागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी
वाहनों की संख्या बढ़ने से जागेश्वर से दण्डेश्वर तक भीषण जाम
यातायात और पार्किंग व्यवस्था में सुधार की तत्काल आवश्यकता महसूस हुई
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। वीकेंड पर प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में शनिवार को पर्यटकों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर में पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या के साथ ही जागेश्वर क्षेत्र में वाहनों का दबाव भी बढ़ गया, जिससे कई स्थानों पर जाम की स्थिति पैदा हो गई।
श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में भी लगा समय
सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु निजी वाहनों और अन्य साधनों से जागेश्वर पहुंचे। मंदिर परिसर के आसपास पार्किंग स्थल भरने के बाद सड़क किनारे भी वाहन खड़े होने लगे।
यह भी पढ़ें- देहरादून से महज ढाई घंटे दूर ये हिल स्टेशन, मेगा वीकेंड पर लगा सैलानियों का मेला...होटल-होमस्टे और रिसॉर्ट फुल
दोपहर तक वाहनों की संख्या लगातार बढ़ती गई। इसके चलते जागेश्वर से दण्डेश्वर तक सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। जाम में फंसे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
श्रद्धालुओं को मंदिर तक पहुंचने में भी समय लगा। कई लोग वाहनों से उतरकर पैदल ही मंदिर की ओर जाते नजर आए।
वहीं, जाम के कारण स्थानीय लोगों और व्यापारियों को भी आवागमन में दिक्कत हुई। वीकेंड पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात और पार्किंग की बेहतर व्यवस्था की जरूरत महसूस की गई।
