पर्यटन नगरी रानीखेत में ध्वस्त होंगे अवैध निर्माण
संवाद सहयोगी रानीखेत पर्यटन नगरी में बेतहाशा हो रहे निर्माण कार्यो पर अब कैंट बोर्ड ने नजर
संवाद सहयोगी, रानीखेत : पर्यटन नगरी में बेतहाशा हो रहे निर्माण कार्यो पर अब कैंट बोर्ड ने नजर टेढ़ी कर ली है। जल्द ही अभियान चलाकर अवैध रुप से बनाए गए निर्माण ध्वस्त किए जाएंगे। इसके लिए कैंट प्रशासन ने बाकायदा करीब 139 अवैध निर्माण चिन्हित भी कर लिए गए हैं। विभागीय अधिकारियों के अनुसार अभी और अधिक निर्माण चयनित होने की संभावना है।
पर्यटन नगरी में बहुमंजिला इमारतों के निर्माण व रातों रात खड़े किए गए भवनों पर कैंट बोर्ड की नजर पड़ गई है। बेतहाशा निर्माण ने पर्यटन नगरी की सूरत ही बिगाड़ के रख दी है। इसके लिए अब कैंट बोर्ड ने कमर कस ली है। कैंट बोर्ड प्रशासन के अनुसार करीब 139 अवैध निर्माणों को चिन्हित भी कर लिया गया है। बोर्ड जल्द ही एक बार फिर सर्वे अभियान चलाकर अवैध अतिक्रमण चिन्हित करेगा। पुलिस प्रशासन की टीम को साथ लेकर बोर्ड अवैध निर्माण कार्यो के ध्वस्तीकरण की शुरुआत की जाएगी। सूत्रों के अनुसार पिछले एक दो वषरें में पर्यटन नगरी में अवैध निर्माण की बाढ़ सी आ गई है। कुछ लोगों ने नियमों को ताक पर रख बिना कैंट की अनुमति के निर्माण कार्य किए हैं तो कई ऐसे भी निर्माण है जो सरकारी भूमि पर बने हुए हैं। कई ऐसे निर्माण हुए जिनकी अनुमति तो ली गई पर अनुमति से अधिक क्षेत्रफल में निर्माण करा दिया गया। अब कैंट बोर्ड के हरकत में आने के बाद हड़कंप मचना तय है।
===========
निर्माण सामग्री होगी जब्त
सीईओ कैंट बोर्ड के अनुसार छावनी क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्य के लिए मंगाई सामग्री ने सड़क पर अतिक्रमण किया है। उन्होंने संबंधित मकानदारों से शीघ्र सामग्री हटाने को कहा है। साथ ही चेतावनी दी ऐसा नहीं किए जाने पर निर्माण सामग्री को जब्त कर स्वामी के खिलाफ छावनी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
====================
'139 अवैध निर्माण चिन्हित किए गए हैं। जल्द ही अभियान चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी। एक बार और सर्वे करा अवैध निर्माणों को चिन्हित किया जाएगा। जिससे अवैध निर्माणों की संख्या बढ़ने का अनुमान है। अवैध कब्जा करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाऐगा।
- अभिषेक आजाद, सीईओ, कैंट बोर्ड'