पहाड़ पर निकल आए गर्म कपड़े
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : पहाड़ में तीसरे रोज भी मौसम गर्मी से इतर रहा। सुबह से ही अपरान्ह तक रूक-रूक क
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : पहाड़ में तीसरे रोज भी मौसम गर्मी से इतर रहा। सुबह से ही अपरान्ह तक रूक-रूक कर बारिश होती रही। बारिश व सर्द हवा से अधिकतम तापमान लुढ़ककर 14 डिग्री सेल्सियस पर आ गया है। कुल बारिश 3 मिलीमीटर दर्ज की गई।
गुरुवार को मौसम में अलसुबह से ही मौसम में तब्दीली आ गई। आकाश में बादल तो धरा के घाटी वाले इलाकों में कोहरा छाया रहा। सुबह, दोपहर व अपरान्ह में रूक-रूक कर बारिश हुई। तीन दिनों की बारिश से पहाड़ के तापमान में काफी गिरावट आ गई है। ठंड के चलते लोगों को गर्म कपड़ों के साथ ही विद्युत ऊष्मक जैसे उपकरणों का सहारा लेना पड़ा। वहीं बारिश ने इन दिनों अब रबी की फसल को समेटने की तैयारी में लगे काश्तकारों की बैचेनी बढ़ा दी हैं। वहीं यह बारिश शाक-भाजी के उत्पादन के लिए लाभदायक मानी जा रही है। विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान के कृषि वैज्ञानिक डॉ. बीएम पांडे का कहना है कि यह बारिश शाक-भाजी के उत्पादन के लिए कारगर है। इससे बीजों का अंकुरण जल्द होगा और रोपे गए पौंधों की बढ़वार भी बढ़ेगी। बारिश व सर्द हवा के बीच नगर का अधिकतम तापमान 14 तथा न्यूनतम पारा 11 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। विदित हो कि तीन दिन पहले बारिश से पूर्व नगर का अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था।