हनुमान ने पाताल लोक जाकर किया अहिरावण का वध
अल्मोड़ा के नंदा देवी मंदिर परिसर में आयोजित रामलीला में शनिवार की देर रात हनुमान जी ने पाताल लोक में जाकर अहिरावन का वध किया।
संस, अल्मोड़ा : ऐतिहासिक नंदा देवी में कुमाऊं की सबसे पुरानी रामलीला का तीन दिनी मंचन बीती शनिवार देर रात तक चला। वैश्विक महासंकट के कारण इस बार एकादशी से विजयादशमी तक 10 दिनों तक चलने वाली रामलीला के मंचन को तीन दिन में बदल दिया गया था। उधर कर्नाटकखोला में भी वर्चुअल रामलीला ने सबको मंत्रमुग्ध किया।
रामलीला मंचन के तीसरे दिन बीती शनिवार रात्रि अंगद रावण संवाद से अहिरावण वध तक का मंचन किया गया। शुरूआत लक्ष्मण शक्ति से हुआ। इसके बाद कुंभकर्ण व मेघनाद वध, रावण विलाप, हनुमान मकरध्वज संवाद, अहिरावण वध आदि का मंचन किया गया। हनुमान जी ने पाताल लोक में जाकर अहिरावन का वध किया। यह दृश्य काफी मनोरम था।
जगदीश बिष्ट ने अंगद, हरि विनोद साह रावण, संतोष मिश्रा सुषेण वैद्य, गणेश मेर मेघनाद, परितोष जोशी कुंभकर्ण, दीप तिवारी अहिरावण, हर्ष जोशी राम, अजय जोशी लक्ष्मण, पीहू सीता, कुलदीप मेर हनुमान के पात्र को निभाया। संगीत अमित बुधोड़ी व शेखर सिजवाली ने दिया। इससे पूर्व रामलीला मंचन का शुभारंभ प्रतिष्ठित व्यवसायी सुभाष अग्रवाल व दशहरा कमेटी अध्यक्ष अजीत कार्की ने किया। इस अवसर पर आयोजक मंडल के प्रकाश पांडेय, अतुल वर्मा, महेंद्र बिष्ट, राजकुमार बिष्ट, संजय साह, शशिमोहन पांडे, अर्जुन बिष्ट, जगदीश बिष्ट, सीएम परगाई, मोहन जोशी आदि उपस्थित रहे। उधर कर्नाटकखोला में भी वर्चुअल रामलीला देर रात तक चली।