भादौ की बौछार में गोविंदाओं ने फोड़ी दही हांडी
संवाद सहयोगी, रानीखेत: भादौ की झमाझम बारिश ने भी गजानन का जैसे अभिनंदन किया। श्री गणेश
संवाद सहयोगी, रानीखेत: भादौ की झमाझम बारिश ने भी गजानन का जैसे अभिनंदन किया। श्री गणेश महोत्सव पर पर्यटन नगरी 'गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ..' के उद्घोष से गूंज उठी। गुलाल की लाली छटा से भव्य शोभायात्रा में बारिश की तेज बौछारों के बीच गोविंदा बने युवाओं की टोलियों ने दही से भरी हांडी फोड़ने के लिए पूरा जोर लगाया। मराठा गणेश मंडल के युवा बाजी मार ले गए।
पर्यटन नगरी में शुक्रवार को श्री गणेश महोत्सव पर आस्था उमड़ पड़ी। शिव मंदिर प्रांगण से निकली गणपति की भव्य शोभायात्रा जरुरी बाजार, द्योलीखेत, सदर बाजार से गांधी चौक पहुंची। यहां गणपति की वंदना व स्तुति के बीच दही हांडी फोड़ने की होड़ मची। इसमें तीन मुख्य टीमों ने हिस्सा लिया। आखिर में बाजी मराठा गणेश मंडल के युवाओं ने जीती। टोलियों का संचालन समिति अध्यक्ष रामचंद्र मराठा, पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष हीरा रावत, उमेश बिष्ट बेदी, बसंत नेगी आदि ने किया। यहां से शोभायात्रा सुभाष चौक होते हुए गनियाद्योली, पिलखोली, जैनोली होकर खैरना स्थित कोसी व शिप्रा नदी के संगम पर पहुंची। जहां विधि विधान से गणपति की मूर्ति का विसर्जित की गई। इससे पूर्व विहिप व बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने भी शोभायात्रा निकाली।