महिला हितों को लेकर सरकार गंभीर : रेखा
पशुपालन एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा है कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिला हितों को लेकर गंभीर है।
संस, सोमेश्वर (अल्मोड़ा) : पशुपालन एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने कहा है कि केंद्र और प्रदेश सरकार महिला हितों को लेकर गंभीर है और उनके विकास के लिए प्राथमिकता से कार्य कर रही है। शनिवार को अपने विधानसभा क्षेत्र पहुंची रेखा आर्या ने यहां कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिला सशक्तीकरण और बाल विकास विभाग के माध्यम से बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ महिलाएं आत्मरक्षा के गुर सीख सकें इसके लिए उन्हें प्रशिक्षण देने की व्यवस्था की गई है। बाल विकास मंत्री ने कहा है कि महिलाओं को अलग अलग क्षेत्रों में रोजगार के अवसर मुहैया हो सकें। इसके लिए भी सरकार प्राथमिकता से कार्य कर रही है। आर्या ने प्रदेश के अंतिम छोर तक रह रहे लोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच सके। इसके लिए भी पूरे पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। बैठक में ब्लॉक अध्यक्ष किशोर नयाल, दिनेश नेगी, राहुल खोलिया, प्रकाश बिष्ट, भुवन जोशी, कमलेश कुमार आदि अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।