अल्मोड़ा जिले के घरों-मंदिरों में की मां दुर्गा की स्तुति
अल्मोड़ा जिले में वासंतिक नवरात्र पर रविवार को मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की पूजा की गई।
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : वासंतिक नवरात्र पर रविवार को मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की पूजा हुई। रविवार को कोरोना कर्फ्यू के कारण मंदिरों में पुजारियों ने तो घरों में लोगों ने मां दुर्गा का स्तुतिगान किया। वहीं नवरात्र के शुभ मौके पर श्रीरघुनाथ मंदिर में पिछले एक साल से हर रविवार को चल रहे सुंदर कांड पाठ का भी पारायण किया गया।
रविवार को कोरोना कर्फ्यू के कारण लोग सुबह सीमित संख्या में ही दर्शन को पहुंचे। छठे दिन लोगों ने घरों में दुर्गासप्तशती व भजन-कीर्तन के माध्यम से मां की महिमा का गुणगान किया। इधर श्रीरघुनाथ मंदिर में रविवार को सुंदरकांड पाठ का पारायण किया किया। इस मौके पर कुछ सीमित संख्या में पहुंचे लोगों ने शारीरिक दूरी के मानकों का पालन करते हुए सुंदरकांड पाठ किया। इसके बाद गायत्री चालीसा समेत भजन-कीर्तन प्रस्तुत किए। महाआरती व प्रसाद वितरण कर सभी के सुख-शांति व निरोगी काया की कामना की गई। इस मौके पर मंदिर के पुजारी नीरज लोहनी, डा. जेसी दुर्गापाल, चंद्रबल्लभ तिवारी, देवकी नंदन लोहनी, कृष्ण चंद्र पांडे, रमेश जोशी, किशन सिंह रावत, मोहन सिंह नेगी, गोविंद बल्लभ जोशी, गिरीश पंत, नरेंद्र मुनगली समेत अनेक लोग मौजूद रहे।
--------
भक्तों को गंगाजल किया वितरित
गायत्री परिवार की ओर से दुगालखोला स्थित देवी मंदिर व श्रीरघुनाथ मंदिर में लोगों को महाकुंभ वर्ष पर गंगा जल का वितरण किया गया। गायत्री प्रज्ञापीठ थपलिया से पहुंचे भीम सिंह अधिकारी ने लोगों का यह पवित्र जल भेंट किया। साथ ही लोगों की सुख-शांति की कामना की। साथ ही उन्हें गायत्री परिवार की ओर से संचालित आगामी कार्यक्रमों की भी जानकारी दी।