अल्मोड़ा जिले में कोरोना के पांच नए केस
जिले में कोरोना संक्रमण के पांच और नए मामले सामने आए हैं।
जागरण टीम, अल्मोड़ा/ द्वाराहाट/ दन्यां : जिले में कोरोना संक्रमण के पांच और नए मामले सामने आए हैं। बीते दिनों गुरुग्राम से बिल्लेख गांव (ताड़ीखेत ब्लॉक) पहुंचे संक्रमित प्रवासी का बड़ा भाई भी पॉजिटिव पाया गया है। वहीं धौलादेवी ब्लॉक से महिला प्रवासी, द्वाराहाट के मजखाली, ताड़ीखेत में दो व हवालबाग ब्लॉक से एक प्रवासी कोरोना संक्रमित निकला है। इन सभी को जिला मुख्यालय के बेस चिकित्सालय स्थित आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिए गए हैं। वहीं कांटेक्ट व ट्रेवल हिस्ट्री पता कर संपर्क में रहे अन्य लोगों को भी संस्थागत क्वारंटाइन किया जा रहा।
=
महिला प्रवासी के बेटे बहू व पोती क्वारंटाइन
दन्यां : देवलीगाढ़ ग्राम पंचायत के झूसी तोक (धौलादेवी ब्लॉक) निवासी दंपती अपने बेटे बहू व एक वर्षीय पोती के साथ 10 मई को गुरुग्राम से रोडवेज से चले। 11 को अल्मोड़ा पहुंच एचएमआइ में थर्मल स्क्रीनिंग के बाद रोडवेज बस से दन्यां तक पहुंचे। यहां खरीदारी की। ऑल्टो कार से घर रवाना हुए जहां होम क्वारंटाइन पर रहे। बुखार की शिकायत पर महिला प्रवासी को 21 मई को बेस चिकित्सालय में आइसोलेट किया गया। 22 को नमूने हल्द्वानी भेजे गए, जिसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है। प्रशासनिक टीम ने संक्रमित महिला के पुत्र, बहू व एक वर्षीय पोती को टीआरसी जागेश्वर में संस्थागत क्वारंटाइन कर लिया है। पूरे झूसी गांव को होम क्वारंटाइन कर लिया गया है। वहीं दन्यां से गांव तक छोड़ने वाले टैक्सी चालक की पहचान कर ली गई है। वह सवारियां लेकर हल्द्वानी गया है। सोमवार को लौटते ही उसे संस्थागत क्वारंटाइन किया जाएगा।
=
मुंबई से साथ लौटे थे मजखाली व ताड़ीखेत के प्रवासी
मुंबई से लौटे माट गांव कसारदेवी (हवालबाग ब्लॉक) के युवा प्रवासी को 21 मई को आइसोलेट किया गया। था। वहीं मजखाली कस्बे के तल्ली रियूनी गांव (द्वाराहाट ब्लॉक) तथा कोटाड़ (ताड़ीखेत) के दो प्रवासी मुंबई से एक ही बस से 21 मई को साथ आए थे। बुखार होने पर दोनों को डीनापानी सेंटर में संस्थागत क्वारंटाइन किया गया था। 22 को इन सभी के स्वैब नमूने जांच को हल्द्वानी भेजे गए। रविवार को रिपोर्ट पॉजिटिव निकली है।
= पैकेज =
पहले छोटा अब बड़ा भाई कोरोना पॉजिटिव
- गुरुग्राम से लौटे थे बिल्लेख गांव के प्रवासी रानीखेत : सुदूर बिल्लेख गाव (ताड़ीखेत ब्लॉक) निवासी 36 वर्षीय प्रवासी बीती शनिवार को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था। वह बेस चिकित्सालय में आइसोलेट है। अब उसका 41 वर्षीय बड़ा भाई भी संक्रमित निकला है। संक्त्रमित प्रवासी बीती 10 मई को गुरुग्राम से रोडवेज बस के जरिये अल्मोड़ा पहुंचा था। एचएमआइ में स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। कोई लक्षण न मिलने पर होम क्वारंटाइन पर घर भेज दिया गया।
=
प्रशासन पहुंचा गाव
ताड़ीखेत ब्लॉक में कोरोना संक्रमित प्रवासियों की बढ़ती संख्या को देख प्रशासन सतर्क हो गया है। एसडीएम अभयप्रताप सिंह के निर्देश पर नायब तहसीलदार दलीप सिंह मय टीम कोरोना संक्रमित प्रवासियों के खुडौली, मलौना तथा चापड़ गाव पहुंचे। सावधानी व होम क्वारंटाइन की नसीहत दी। नियम तोड़ने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। इस दौरान राजस्व उपनिरीक्षक देवेंद्र बिष्ट आदि भी मौजूद रहे।