कुमाऊंनी हास्य कवि की मदद को जुटे प्रशंसक
लोगों को अपनी रचनाओं से गुदगुदाने वाले कुमाऊंनी हास्य कवि हृदय रोग से पीड़ित हैं। उनकी मदद को लोग आगे आने लगे हैं।
संस, सोमेश्वर (अल्मोड़ा) : लोगों को अपनी रचनाओं से गुदगुदाने वाले कुमाऊंनी हास्य कवि आनंद बल्लभ भट्ट हृदय रोग से लड़ रहे हैं। पर्वतीय संस्कृति एवं परंपरा मौजूदा व्यवस्था, नई पीढ़ी खासतौर पर युवाओं के फैशन व समसामयिक घटनाक्रमों पर अब तक तमाम रचनाएं लिख चुके कवि आनंद बल्लभ ऋषिकेश एम्स में भर्ती हैं। बीमारी के साथ आर्थिकी तंगी झेल रहे इस हास्य रस के रचनाकार की मदद को संस्कृति प्रेमी युवाओं की पहल पर राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रेखा आर्या ने भी आर्थिक सहायता को हाथ बढ़ाए हैं।
मूल रूप से बिमौला गांव (हवालबाग) निवासी हास्य कवि आनंद बल्लभ भट्ट को हालिया हृदय की तकलीफ हुई थी। सर्जरी के लिए वह एम्स ऋषिकेश में भर्ती हैं। मगर गरीबी रोड़ा बन रही है। अपनी रचनाओं से दूसरों को हंसाने वाले इस कवि के प्रशंसकों ने आर्थिक सहायता के लिए मुहिम चलाई है। नगर क्षेत्र के भुवन पांडेय व पंकज जोशी आदि संस्कृति प्रेमी अब तक सर्जरी के लिए 30800 रुपये जमा कर चुके हैं। राज्यमंत्री रेखा आर्या ने भी 10 हजार रुपये हास्य कवि के इलाज को दिए। प्रशंसकों ने सभी से कुमाऊंनी कवि की मदद के लिए आगे आने की अपील की है।
====
====