प्राधिकरण के विरोध में प्रदेश सरकार का फूंका पुतला
जिला विकास प्राधिकरण के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंका
अल्मोड़ा, जेएनएन : जिला विकास प्राधिकरण के विरोध में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरकार मनमाने तरीके से जनविरोधी निर्णय ले रही है। जिसे किसी भी कीमत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस के नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता चौघानपाटा में एकत्र हुए और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि पिछले दो साल से जनता प्राधिकरण के बेतुके निर्णय से परेशान है। लेकिन लंबी मांग के बाद भी प्राधिकरण को निरस्त नहीं किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्राधिकरण के लागू होने के बाद से जहां भारी भरकम शुल्क देने के बाद भी समय पर लोगों को नक्शे नहीं मिल पा रहे हैं। वहीं आम आदमी के लिए अपना भवन बनाना मुश्किल हो गया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि अगर शीघ्र डीडीए को निरस्त नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर राजीव कर्नाटक, दीपांशु पांडे, परितोष जोशी, संजय दुर्गापाल, अरविद रौतेला, हर्ष कनवाल, शरद साह, हेम तिवारी, सुमित कुमार, राधा बंगारी, जितेंद्र अधिकारी, आशीर्वाद गोस्वामी, मोहन उप्रेती, वैभव पांडे, तारा चंद्र जोशी, फाकिर खान, काíतक साह, रमेश कांडपाल, शेखर पांडे आदि मौजूद रहे।