दूनागिरि वन क्षेत्र के संरक्षण को इको क्लब ने बढ़ाया हाथ
संवाद सहयोगी, द्वाराहाट : मिश्रित वन क्षेत्र दूनागिरि की हरियाली व जैव विविधता को बचाने को जीअ
संवाद सहयोगी, द्वाराहाट : मिश्रित वन क्षेत्र दूनागिरि की हरियाली व जैव विविधता को बचाने को जीआइसी दूनागिरि का इको क्लब आगे आया है। इसके लिए विद्यार्थियों ने पर्यावण संरक्षण, स्वच्छता और स्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक करने को जनचेतना रैली निकाल पर्यावरण संरक्षण में सहयोग का आह्वान किया।
विद्यालय के इको क्लब सदस्यों व बाल वैज्ञानिकों ने नायल क्षेत्र में जागरूकता रैली निकाली। इस दौरान लोगों से पर्यावरण व जल सरंक्षण समेत हरियाली बचाने को बृहद स्तर पर पौधरोपण का आह्वान किया। कहा पर्यावरण संरक्षण से ही जीवन सुरक्षित रह सकेगा। इसके अलावा पॉलिथीन व प्लास्टिक का प्रयोग न करने का आह्वान भी किया। राजकीय प्राथमिक विद्यालय पहुंच सदस्यों ने सफाई अभियान चला कूड़े का निस्तारण किया। इको क्लब प्रभारी हरीश चंद्र त्रिपाठी ने मानव जीवन के लिए स्वच्छता व पर्यावरण का महत्व बताया। दूनागिरि को जैव विविधता व पर्यावरण की दृष्टि से बेहद अहम वन क्षेत्र बताते हुए इसके संरक्षण के लिए सभी लोगों से आगे आने का आह्वान किया। पवन सिंह बिष्ट ने पॉलिथीन व प्लास्टिक के दुष्परिणाम बताए। अध्यक्षता प्रधानाचार्य एसडी चौधरी व संचालन बचन सिंह ने किया।