पशुओं के लिए अन्नदाता बनी दुर्गा पूजा समिति
अल्मोड़ा में कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लॉकडाउन के आदेश के बाद तमाम चुनौतियां काफी हो गई हैं।
संवाद सहयोगी, रानीखेत: कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लॉकडाउन के आदेश के बाद तमाम चुनौतिया खड़ी हो गई। गरीब व जरूरतमंदो के लिए राशन उपलब्ध कराने को तमाम संगठन आए तो बेजुबान आवारा गोवंशीय पशुओं को चारा तथा उनकी देखरेख को पर्यटन नगरी में मा दुर्गा पूजा महोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने कमान संभाल रखी है। तमाम स्थानों पर करीब 65 से ज्यादा गोवंशीय पशुओं को चारा उपलब्ध कराया जा रहा है।
लॉक डाउन के बाद अक्सर होटल ढाबा पर निर्भर रहने वाली गोवंशीय पशुओं के लिए सबसे बड़ी चुनौती खड़ी हो गई। ऐसे में प्रशासन ने गोवंशीय पशुओं को चारा उपलब्ध कराने तथा उनकी देखभाल को मा दुर्गा पूजा महोत्सव समिति को कमान सौंपी। समिति के करीब दस से ज्यादा पदाधिकारी रोजाना 65 से अधिक गोवंशीय पशुओं को केएमओ स्टेशन, गाधी चौक, विजय चौक तथा आबकारी मोहल्ले में चारा उपलब्ध करा रहे हैं। अभियान सुबह से शुरु होकर शाम तक चलता है। पशुओं के लिए पानी की भी विशेष व्यवस्था की गई है। गोवंशीय पशुओं के लिए विपरीत परिस्थिति में किए जा रहे प्रयास की हर कोई सराहना कर रहा है। समिति आवारा गोवंशीय पशुओं के साथ ही नगर में घूमने वाले आवारा कुत्तों को भी शाम के वक्त भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार क्षेत्रवासी भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं वहीं प्रशासन से भी समय-समय पर दिशा निर्देश मिलते हैं।