कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी कर कोसी घाटी पहुंचे भक्त
संवाद सहयोगी रानीखेत कैलाश मानसरोवर की यात्रा पूरी कर बाबा के भक्तों का 16वा दल कोस
संवाद सहयोगी, रानीखेत : कैलाश मानसरोवर की यात्रा पूरी कर बाबा के भक्तों का 16वा दल कोसी घाटी पहुंचा। इस दौरान भोले बाबा के जयकारों से क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। स्थानीय लोगों ने यात्रा दल में शामिल 54 सदस्यों का स्वागत किया गया।
कैलाश मानसरोवर यात्रा पूरी करने के बाद 54 सदस्यों का कोसी घाटी में स्वागत सत्कार हुआ। दल में दिल्ली, मुंबई, गुजरात, केरल, तमिलनाडु के सदस्य शामिल रहे। बाबा भक्तों ने यात्रा को शानदार अनुभूति करार दिया। खैरना स्थित कुमाऊं मंडल विश्राम गृह में कुछ देर विश्राम के बाद दल काठगोदाम को रवाना हो गया। इस दौरान प्रबंधक संजय कुमार, धनंजय सिंह चौहान, चंदन राणा, विजय पिल्लई आदि मौजूद रहे।
===================
मध्य प्रदेश के नवदंपति ने भी की यात्रा
यात्रा दल में नवदंपति भी शामिल रहे। मध्यप्रदेश निवासी आशीष व उनकी पत्नी दीपिका ने पहली बार यात्रा की। कहा कि यात्रा शानदार रही। दीपिका ने बताया कि दारचीन में रुके तो मन में ख्याल आया कि ईश्वर ने यहा तक तो पहुंचा दिया पर दर्शन नहीं दिए। कुछ देर बाद उन्हें बादलों में गणपति के दर्शन हुए।
=================
रास्ते भर याद आते रहे मनोहर
यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को मध्य प्रदेश निवासी मनोहर दुबे (52) की कमी खूब खली। यात्रियों ने बताया कि बेहद खुशमिजाज तथा सबकी मदद को आगे आने वाले मनोहर दुबे की गुंजी में यात्रा के दौरान दिल का दौरा पड़ने से 14 अगस्त को मौत हो गई। यात्रा भर उनकी खूब याद आई। हृदयाघात आने से पहले उन्होंने छोलिया नृत्य भी किया था।