रोडवेज की नई बस खरीद मामले में कांग्रेस ने सीएम और परिवहन मंत्री का फूंका पुतला
उत्तराखंड परिवहन निगम के लिए खरीदी गई 150 नई बसों में तकनीकी खामियों को लेकर अल्मोड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंक प्रदर्शन किया।
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : उत्तराखंड परिवहन निगम के लिए खरीदी गई 150 नई बसों में तकनीकी खामी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री का पुतला फूंका। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने बस खरीद मामले में धांधली की है। जिसकी तत्काल उच्च स्तरीय जांच कराई जानी चाहिए।
कांग्रेस पार्टी के नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ता नगर के चौघानपाटा में एकत्र हुए और मुख्यमंत्री और परिवहन मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए रौतेला ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा जो डेढ़ सौ बसों का बेड़ा खरीदा गया है। उस बेड़े की बसों में शुरूआत में ही तकनीकी खामी सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि नई बसों के गियर लीवर रास्तों में ही टूट जा रहे हैं। जिससे यात्रियों की जान को खतरा पैदा हो रहा है। रौतेला ने कहा कि सरकार को अत्याधुनिक तकनीक से बनी नई बसें निगम को उपलब्ध करानी चाहिए थी, लेकिन सरकार द्वारा जो बसें खरीदी गई हैं वह तकनीकी खामियों से लैस हैं। उन्होंने इस इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की है।
पुतला दहन कार्यक्रम में हर्ष कनवाल, राजीव कर्नाटक, दीपांशु पांडे, संजय दुर्गापाल, विनोद वैष्णव, मदन डांगी, बिदु रौतेला, अंबी राम आर्य, वैभव पांडे, काíतक साह, फाकिर खान, भूपाल सिंह, सुंदर बिष्ट, प्रीति बिष्ट आदि मौजूद रहे।