चौखुटिया में छठ पर्व की धूम, महिलाओं ने मांगी मन्नत
संवाद सहयोगी चौखुटिया लोक आस्था व श्रद्धा से जुड़ा छठ महापर्व प्रातकाल उदीयमान सूर्य की
संवाद सहयोगी, चौखुटिया: लोक आस्था व श्रद्धा से जुड़ा छठ महापर्व प्रात:काल उदीयमान सूर्य की पूजा व अर्घ्य देने के साथ ही पूरे भक्तिभाव से संपन्न हो गया। क्षेत्र में रह रहे बिहार एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के श्रद्धालु व्रतियों ने दूसरे दिन भी पुल के पास रामगंगा नदी के पावन तट पर सामूहिक रूप से छठ मैया की पूजा-अर्चना की एवं मनवांछित कार्य की सफलता केलिए हाथ में मौसमी फलों की टोकरियां लिए घंटों नदी में खड़े होकर सूर्य भगवान की पूजा की एवं सूर्य निकलते ही अर्घ्य दिया।
पूजा महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को भी रामगंगा नदी किनारे बने छठ स्थल पर सुबह तड़के 4 बजे से श्रद्धालुओं का पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया तथा कुछ देर बाद भारी भीड़ जुट आई। पहले श्रद्धालुओं ने फलों की टोकरियों को छठ मैया को समर्पित किया एवं सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना की। इस दौरान छठ मैया के गीत व भजनों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। करीब 6 बजे से महिला व्रतियों ने रामगंगा नदी में खडे़ होकर फलों की टोकरियों को लेकर सूर्य भगवान की पूजा एवं सूर्य के दर्शन होते ही उन्हें अर्घ्य दिया तथा मन्नतें मांगी। इससे पूर्व व्रतियों ने अपने अपने घरों में रात को कोसी पूजा की।
सुबह छठ मैया की सामूहिक पूजा के दौरान महिलाओं ने परिवार की खुशहाली की कामना की। स्थानीय लोगों ने भी पूरे उत्सुकता के साथ छठ पर्व का आनंद लिया। श्रद्धालुओं ने पटाखे दागकर पर्व की खुशियां मनाई तथा एक दूसरे को बधाईयां दीं। बच्चे, युवा व बुजुर्गो में भी पर्व के प्रति खासा उत्साह देखा गया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ पर्व संपन्न हो गया। चौखुटिया के साथ साथ दूर दूर बसे बिहारी समाज के लोगों ने यहां पहुंचकर छठ महापर्व मनाने की रस्म निभाई। अंत में आयोजन समिति के अध्यक्ष अजय कुमार गुप्ता ने श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
============
इन्होंने दिया पर्व को मनाने में सहयोग
अजय कुमार गुप्ता, साजन वर्मा, उमेश वर्मा, भिखारी महतो, कृष्णा शर्मा, बीरेंद्र वर्मा, गुड्डू, विजय शर्मा, अमोद महतो, कंचन देवी व मिनी मिश्रा आदि।