खाई में गिरी कार, दो घायल
विकासखंड के तैलमैनारी क्षेत्र में एक मारुति कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इससे दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
द्वाराहाट, जेएनएन : विकासखंड के तैलमैनारी क्षेत्र में एक मारुति कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार दोनों व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें ग्रामीणों की मदद से निकाल सोमेश्वर अस्पताल ले जाया गया। वहा से प्राथमिक उपचार के बाद अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अपराह्न में डीएल-9 सीडी 0647 मारुति झुपुलचौरा (सोमेश्वर) से बिंता की ओर आ रही थी। अनियंत्रित होकर तैलमैनारी के समीप करीब ढ़ाई सौ मीटर गहरी खाई में गिर गई। जिसमें सवार वाहन स्वामी गोविंद लाल वर्मा (35) तथा ललित वर्मा (36) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर बग्वालीपोखर चौकी (द्वाराहाट) व सोमेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायलों को निकाल सोमेश्वर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहा से प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक अजय साह ने बताया कि परिजनों के मौके पर पहुंचने पर उन्होंने सोमेश्वर ले जाने की बात कही। घायलों के सर, हाथ, पैर में चोट के निशान देखे गए हैं।