द्वाराहाट में आशा कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन
केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त आह्वान पर आशा कार्यकर्ताओं ने दो दिनी हड़ताल के तहत जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। बाद में तहसील पहुंच कर धरना दिया।
द्वाराहाट, जेएनएन। केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के संयुक्त आह्वान पर आशा कार्यकर्ताओं ने दो दिनी हड़ताल के तहत बुधवार को जुलूस निकाल प्रदर्शन किया। बाद में तहसील पहुंच कर धरना दिया। आशाओं ने केंद्र सरकार पर शोषण का आरोप लगाया। कहा कि आशाओं को वेतन के लाले पड़े हैं। उनकी सुध लेने की बजाय सरकार महिला सशक्तीकरण के दिखावे पर करोड़ों खर्च कर रही है। जिसे बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बुधवार को विकासखंड की आशाओं ने नगर क्षेत्र में जुलूस निकाल प्रदर्शन किया। केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद तहसील कार्यालय पहुंच धरना दिया। मौके पर वक्ताओं ने कहा कि आशाएं विषम परिस्थितियों में भी अपने कार्यों को अंजाम दे रही हैं, लेकिन वेतन न मिलने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि आशाओं को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिए जाने व मासिक वेतन 18 हजार किए जाने की मांग लंबे समय से की जा रही, लेकिन सरकार लगातार अनदेखी कर उनकी उपेक्षा पर आमादा है। आशाओं ने उन्हें पेंशन, चिकित्सा व बीमा सुविधा देने की भी मांग की। बाद में तहसीलदार के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन भी भेजा।
इस दौरान अध्यक्ष ललिता मठपाल, कोषाध्यक्ष आशा कांडपाल, उमा पंत, दीपा कांडपाल, ललिता देवी, विमला आर्या, हेमा देवी, कमला देवी, पुष्पा रावत, दीपा देवी, परुली देवी, रेखा साही, चंपा रावत, बसंती बिष्ट, माधवी देवी, लीला बिष्ट, आशा रौतेला, दीपा भरड़ा, रमा बिष्ट, हेमलता पांडे आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: भाजपा महानगर अध्यक्ष के खिलाफ थाने में की शिकायत
यह भी पढ़ें: लोकसभा चुनाव के लिए मजबूत दावेदारों की खोज में जुटी कांग्रेस