अल्मोड़ा छात्रसंघ चुनाव: रिकाउंटिंग के बाद हार से भड़के छात्र, आमरण अनशन पर पूर्व सह सचिव दीपक तिवारी
सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में छात्रसंघ चुनाव के उपाध्यक्ष पद के नतीजों को लेकर विवाद गहरा ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के एसएसजे परिसर अल्मोड़ा में छात्रसंघ चुनाव के नतीजों को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है।
उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी भास्कर जोशी की रिकाउंटिंग के बाद हार के विरोध में पूर्व छात्रसंघ सह सचिव दीपक तिवारी विद्यार्थियों के साथ परिसर में आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। छात्रों ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच और पूरे मामले में न्याय की मांग की है।
पूरे मामले में न्याय की मांग
आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि प्रारंभिक मतगणना में भास्कर जोशी को विजयी घोषित किया गया था। इसके बाद रिकाउंटिंग में परिणाम बदलने से छात्रों में आक्रोश है। उनका आरोप है कि रिकाउंटिंग की प्रक्रिया और परिणाम में बदलाव का कारण स्पष्ट किया जाना चाहिए। इस दौरान छात्र कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। परिसर में तनाव को देखते हुए प्रशासन और पुलिस बल भी मुस्तैद रहा।
इधर, आमरण अनशन पर बैठे दीपक तिवारी की तबीयत बिगड़ने पर जिला प्रशासन ने मेडिकल टीम भेजी। डॉ. गरिमा, फार्मासिस्ट श्यामलाल और नर्सिंग ऑफिसर भास्कर पंचपाल ने अनशन स्थल पर पहुंचकर उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य है, लेकिन कुछ घंटों में स्वास्थ्य बिगड़ने की आशंका बनी हुई है।
अनशन में लक्की, भास्कर जोशी, तमन्ना, ज्योति, गरिमा, निशा, वीरेंद्र जोशी, दीपक, सुशील पांडेय, भानु पंत, युवन भोरा और भूपेश गेड़ा सहित अन्य विद्यार्थी शामिल रहे। छात्रों ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
