ई-केवाईसी नहीं कराई तो महंगा पड़ेगा सिलिंडर, LPG उपभोक्ताओं के पास अंतिम मौका
अल्मोड़ा गैस एजेंसी में ई-केवाईसी न कराने वाले उपभोक्ताओं को 23 अगस्त तक का अंतिम मौका दिया गया है। समय ...और पढ़ें

HighLights
ई-केवाईसी की अंतिम तिथि 23 अगस्त तक बढ़ाई गई।
अल्मोड़ा में 2500 उपभोक्ताओं ने नहीं कराई ई-केवाईसी।
ई-केवाईसी न होने पर महंगा मिलेगा घरेलू सिलिंडर।
जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा। घरेलू गैस कनेक्शन की ई-केवाईसी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। गैस एजेंसियों ने ई-केवाईसी की अंतिम तिथि बढ़ाकर 23 अगस्त कर दी है। इसके बाद प्रक्रिया पूरी नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
अल्मोड़ा गैस एजेंसी में 22 हजार से अधिक उपभोक्ता पंजीकृत हैं, लेकिन इनमें करीब ढाई हजार उपभोक्ताओं ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है।
एजेंसी की ओर से ऐसे उपभोक्ताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर ई-केवाईसी पूरी कराने की अपील की गई है। ई-केवाईसी नहीं कराने पर भविष्य में घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति प्रभावित हो सकती है।
उपभोक्ताओं को घरेलू श्रेणी का सिलिंडर मिलने में दिक्कत आ सकती है और उन्हें व्यावसायिक दर पर गैस लेने की स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। इससे उपभोक्ताओं की जेब पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।
अल्मोड़ा गैस एजेंसी के प्रबंधक मुकेश जलाल ने लोगों से समय पर ई केवाईसी कराने की अपील की है, जिससे की आने वाली दिक्कत को दूर किया जा सके। उन्होंने उपभोक्ताओं से अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए जल्द ई-केवाईसी कराने की अपील की है।
ऐसे कराएं ई-केवाईसी
उपभोक्ता घर बैठे भी ई-केवाईसी कर सकते हैं। इसके लिए इंडियन आयल वन एप डाउनलोड कर पंजीकृत मोबाइल नंबर से लागिन करना होगा। एप में दिए गए निर्देशों के अनुसार प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
इसके अलावा, उपभोक्ता अपने गैस वितरक के यहां उपलब्ध मशीन के माध्यम से बायोमेट्रिक सत्यापन कराकर ई-केवाईसी करा सकते हैं। नजदीकी गैस एजेंसी में जाकर भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
