अल्मोड़ा के सौराल में डंपर खाई में गिरा, चालक की दर्दनाक मौत
रानीखेत भतरौजखान स्टेट हाईवे पर सौराल और कुमेरिया के बीच एक डंपर खाई में गिर गया, जिससे चालक जसवंत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।
HighLights
डंपर रानीखेत भतरौजखान स्टेट हाईवे पर खाई में गिरा
हादसे में चालक जसवंत सिंह की मौके पर ही मौत
पुलिस और एसडीआरएफ ने मिलकर शव को बाहर निकाला
जागरण संवाददाता, सल्ट। रानीखेत भतरौजखान स्टेट हाईवे पर सौराल व कुमेरिया के बीच डंपर खाई में जा गिरा। दुर्घटना में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वह रामनगर से चौखुटिया की ओर जा रहा था। पुलिस ने शव सुपुर्दगी में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है।
चौखुटिया तहसील के गजार गांव निवासी 36 वर्षीय जसवंत सिंह पुत्र गोपाल सिंह बीती रात रामनगर से डंपर पहाड़ की ओर रवाना हुआ। मोहान बैरियर पार करने के बाद वह सौराल के पास पहुंचा ही था कि वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
नतीजतन डंपर स्टेट हाईवे से करीब 50 मीटर गहरे में जा पलटा। कनेक्टिविटी कमजोर होने और सुनसान क्षेत्र होने कें कारण रात में किसी को हादसे का पता नहीं लगा। रविवार
को एसओ अवनीश दहिया की अगुआई में पुलिस तथा एसडीआरएफ का राहत व बचाव दल मौके पर पहुंचा। खाई में पड़े चालक का शव निकाल सड़क तक लाया गया। पुलिस के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा र्है। हादसे के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
