अजय ने जागेश्वर धाम जाकर किया शिव पूजन
संवाद सहयोगी अल्मोड़ा लोकतंत्र के महापर्व के समापन के बाद भाजपा प्रत्याशी व केंद्रीय राज्य
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : लोकतंत्र के महापर्व के समापन के बाद भाजपा प्रत्याशी व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने शुक्रवार को जागेश्वर धाम जाकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना की। उसके बाद परिजनों के साथ वक्त बिताया। बाद में पार्टी कार्यालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं से मतदान पर चर्चा भी की।
पिछले एक पखवाड़े से संसदीय क्षेत्र में वोट के लिए ताकत झोंक चुके अजय टम्टा शुक्रवार को आराम के मूड में दिखाई दिए। अधिकांश समय परिजनों के साथ बिताया। सुबह पांच बजे उठ गए थे। सुबह दस बजे के आसपास वह अपनी माता निर्मला टम्टा, पत्नी सोनल टम्टा, बेटी सिद्धि और बेटे भव्य के साथ जागेश्वर धाम को रवाना हो गए। जहां उन्होंने पूजा अर्चना कर भगवान शिव से जीत की कामना की। पूजा के बाद उन्होंने क्षेत्र में चल रही एक रामायण कथा में भी भाग लिया। वहां से लौटते हुए वृद्ध जागेश्वर और चितई मंदिर में भी पूजा की। अल्मोड़ा लौटने के बाद अजय ने पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं से बातचीत की। उन्होंने बताया कि शुक्रवार का दिन परिवार के साथ बिताने के बाद शनिवार को दिल्ली रवाना होना है। अब उत्तर प्रदेश में होने वाले चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करेंगे।
--------------
केंद्र की भाजपा सरकार ने पिछले पांच सालों में जो कार्य किए हैं वह ऐतिहासिक हैं, और जनता का विश्वास भाजपा के प्रति बढ़ा है। हमने केंद्र सरकार के इन विकास कार्र्यो को आगे बढ़ाने की बात को लेकर चुनावों में शिरकत की और हमें मतदाताओं का समर्थन भी मिला है। इस बार के लोकसभा चुनावों में भाजपा प्रदेश की पांचों सीटों पर जीत का परचम लहराएगी।
अजय टम्टा, भाजपा उम्मीदवार, अल्मोड़ा लोकसभा