कोर्ट की दीवार फांदकर फरार हुआ लूट का आरोपित
अल्मोड़ा जिले में पुलिस अभिरक्षा से लूट का एक आरोपित भागने में कामयाब रहा। हथकड़ी न होने के चलते वो कोर्ट की दीवार फांदकर फरार हुआ।
द्वाराहाट, [जेएनएन]: पेशी के लिए कोर्ट ले जाते वक्त लूटकांड का आरोपित पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। आरोपित के हाथों में हथकड़ी नहीं थी जिसके चलते वो न्यायालय परिसर की दीवार फांदकर भाग निकला। पुलिस ने उसकी धरपकड़ तेज कर दी है। साथ ही जनपद और बाहरी थानों व कोतवाली पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है।
दरअसल, चार साल पहले पहले विकासखंड के भतौरा गांव में महिलाओं से सिलसिलेवार लूट की वारदातें हुई थी। लाखों के जेवर लूट मामले में राजस्व पुलिस ने बिंता घाटी स्थित मटेला ग्राम पंचायत के व्यासूंखत्ता द्वाराहाट (अल्मोड़ा) निवासी महेश मैनाली पुत्र हीरा बल्लभ मैनाली को गिरफ्तार कर किया था। हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक तब से वह फरार था। न्यायालय में तय तारीख पर भी उपस्थित भी नहीं हुआ। इस पर अदालत ने उसके खिलाफ वारंट जारी किया। साथ ही पूरा मामला राजस्व से हटाकर द्वाराहाट थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इसी साल बीती अप्रैल में पुलिस ने लूटकांड के आरोपित महेश मैनाली को बग्वालीपोखर के पास से गिरफ्तार कर लिया। तब से वह जेल में ही था।
इधर, शुक्रवार को पेशी के लिए पुलिस उसे न्यायालय में लेकर आई। हथकड़ी न लगी होने का फायदा उठा महेश न्यायालय परिसर की दीवार फांद ढलान में भाग निकला। पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया मगर वह हत्थे नहीं चढ़ सका।
वहीं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पी रेणुका देवी ने बताया कि शातिर अपराधी को हथकड़ी लगाने का प्रावधान है।बाकी के लिए मना है। मामले की जानकारी ली जा रही है। टीम लगा दी गई है। आरोपित कोर्ट के अंदर से भागा है।
यह भी पढें: दस लाख लूटने की कोशिश, व्यापारी के बेटे पर झोंका फायर
यह भी पढ़ें: लूट के इरादे से बदमाशों ने दो कारों पर झोंके फायर
यह भी पढ़ें: छात्र से लूट में शामिल था सिपाही, एसएसपी ने किया सस्पेंड