विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 20, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

22 मार्ग बंद, दो लाख की आबादी सीधे प्रभावित

By JagranEdited By:
Published: Wed, 20 Oct 2021 05:03 PM (IST)

अल्मोड़ा जिले में बारिश थम गई है लेकिन आपदा के जख्म अब भी हरे हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्य ...और पढ़ें

22 मार्ग बंद, दो लाख की आबादी सीधे प्रभावित
22 मार्ग बंद, दो लाख की आबादी सीधे प्रभावित

जागरण संवाददाता, अल्मोड़ा : जिले में बारिश थम गई है, लेकिन आपदा के जख्म अब भी हरे हैं। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है। 22 मोटर मार्ग बंद है। आम जनजीवन खासा प्रभावित हो रहा है।

जिले में बारिश के बाद आवागमन पूरी तरह ठप है। एक एनएच, छह राच्य मार्ग व 15 ग्रामीण मोटर मार्ग बंद हैं। मार्ग बंद होने से मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों की दो लाख से अधिक की आबादी सीधे प्रभावित है। जिला मुख्यालय से हल्द्वानी आदि स्थानों को जाने वाले सभी मार्ग बंद हैं। स्थिति कब तक सामान्य होगी, इसकी तस्वीर अभी साफ नहीं हो पायी है। हालांकि मौसम साफ होने के बाद लोगों को उम्मीद जग रही है। प्रशासन प्राथमिकता से मोटर मार्ग खोलने में जुटा हुआ है। बिजली, पानी, संचार की व्यवस्था लड़खड़ाई

अल्मोड़ा : तीन दिन की बारिश ने जिले की पूरी व्यवस्था पटरी से उखाड़ फेंकी है। बिजली, पानी की व्यवस्था अभी तक सुचारू नहीं हो पाई है। मुख्यालय में हाल-बेहाल हैं। बिजली की आंख मिचौली लगातार जारी है। वहीं कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की आपूर्ति दो दिन से ठप पड़ी है। पानी का भी संकट बना हुआ है। जिले में 30 से अधिक गांव पानी का संकट झेल रहे हैं। कोसी नदी में सिल्ट आने से पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। लोग नौले-धारों के सहारे हैं। वहीं जरूरत के लिए लोग बोतलबंद पानी का सहारा ले रहे हैं।

होटलों में किराये पर नहीं मिल रहे कमरे

अल्मोड़ा : होटलों में भी पानी का संकट गहरा गया है। कुछ होटल मालिकों ने तो यात्रियों को किराये पर कमरा देने से मना कर दिया है। जिससे संकट काफी बढ़ गया है। व्यवसाइयों को खासा नुकसान उठाना पड़ रहा है। रास्ते में फंसे कुछ यात्रियों को इस कारण होटलों में कमरे आसानी से नहीं मिल पाए हैं। राहत व बचाव कार्य जारी

प्रशासन का राहत व बचाव कार्य जारी है। दन्या, भिकियासैंण, द्वाराहाट आदि जगहों पर प्रशासन ने राहत सामग्री बांटी। आपदा प्रभावितों को अहेतुक सहायता दी गई। मुआवजा राशि दिए जाने की भी कार्रवाई की जा रही है।

पिछले 24 घंटे में अल्मोड़ा जिले में बारिश अल्मोड़ा 67.3 मिमी

रानीखेत 58 मिमी

द्वाराहाट 47.6 मिमी

चौखुटिया 52 मिमी

सोमेश्वर 43 मिमी

भिकियासैंण 12 मिमी

ताकुला 62.5 मिमी

सल्ट 4 मिमी

भैसियाछाना 51 मिमी पानी का स्तर

कोसी बैराज 1128.7 मिमी

रामगंगा जलस्तर 921.95मी