अल्मोड़ा के ढौरा में जुटे कांग्रेस के शीर्ष नेता, भाजपा पर तीखे प्रहार
अल्मोड़ा के जिला पंचायत क्षेत्र ढौरा में कांग्रेसियों जनसभा में पार्टी के शीर्ष नेता जुटे।
संस, अल्मोड़ा: जिला पंचायत क्षेत्र ढौरा में कांग्रेसियों जनसभा में पार्टी के शीर्ष नेता जुटे। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक जागेश्वर गोविंद सिंह कुंजवाल व प्रदेश महासचिव मदन बिष्ट ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक मजबूती तथा मिशन 2022 की तैयारी में अभी से जुटने का आह्वान किया। दोनों नेताओं ने राज्य व केंद्र सरकार पर तीखे कटाक्ष करते हुए कहा कि महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार बेलगाम हो गया है।
ढौरा क्षेत्र में बुधवार को कांग्रेसियों की जनसभा हुई। विधायक जागेश्वर कुंजवाल ने कहा कि काग्रेसराज में स्वीकृत योजनाएं मौजूदा भाजपा सरकार ने रोक दी हैं। पहाड़ में विकास कार्य पूरी तरह ठप हो चुका है। द्वाराहाट के पूर्व विधायक मदन बिष्ट ने कहा कि 2022 में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत से सरकार बनाएगी। उन्होंने डबल इंजन सरकार को हर मोर्चे पर विफल करार दिया। कहा कि महंगाई व बेरोजगारी से पहाड़ का युवा कराह रहा है। पूर्व विधायक मनोज तिवारी ने कहा कि भाजपाराज में हर तरफ निराशा है। स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल हैं। जिला मुख्यालय के ही चिकित्सालय सुविधाओं को तरस रहे हैं। ऐसे में दूर गांवों का हाल क्या होगा, अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संघर्ष का आह्वान किया। इस दौरान तमाम ग्रामीणों ने कांग्रेस की सदस्यता भी ली। जिपं सदस्य देवेंद्र सिंह बिष्ट ने स्मृति चिह्न भेंट किए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष पीताबर पाडे, नगर अध्यक्ष पूरन रौतेला, ब्लाक अध्यक्ष लमगड़ा दीवान सतवाल, ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष धीरेंद्र गैलाकोटी, निर्मल रावत, ललित सतवाल, संजय दुर्गापाल, जिपं सदस्य जीवन भंडारी व नवीन कोहली, गोपाल चौहान, हीरा सिंह बिष्ट, राजेश अधिकारी, दिनेश रावत, वीके भट्ट, पूरन पाडे, मोहन नगरकोटी, सुनील जोशी, हिम्मत बिष्ट, परितोष जोशी आदि मौजूद रहे। =========