पहाड़ में सुबह-शाम बढ़ी ठिठुरन
पहाड़ में सुबह शाम व रात्रि में ठिठुरन भरी ठंड पड़ रही है। लेकिन दिन में धूप खिलने से थोड़ी राहत मिल रही है।
अल्मोड़ा : पहाड़ में सुबह, शाम व रात्रि में ठिठुरन भरी ठंड पड़ रही है। लेकिन दिन में धूप खिलने से राहत है। रविवार को नगर का अधिकतम तापमान 17 तथा न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इधर पहाड़ में लगातार बढ़ रही ठंड के बावजूद भी अब तक सार्वजनिक स्थानों पर अलाव नहीं जलने से बेसहारा व निर्धन तबके के लोगों को सांझ ढलते ही ठंड से बचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पहाड़ में रविवार को सुबह से ही धूप खिली रही। लेकिन सुबह जहां आसपास के घाटी वाले क्षेत्रों में कोहरा छाया रहा, वहीं अन्य इलाकों में पाले से ठिठुरन भरी ठंड रही। बाद में दिन चढ़ने के साथ ही लोगों ने ठंड से राहत ली। रविवार को सार्वजनिक अवकाश होने के चलते अधिकांश कर्मचारियों व अधिकारियों ने घर पर ही शीतकाल की धूप का लुत्फ उठाया। साप्ताहिक बंदी के चलते बाजारों में भी अन्य दिनों की अपेक्षा चहल-पहल कम ही रही। खिली धूप के चलते फड़ लगाकर अपना कारोबार चलाने वाले फड़ व्यवसायियों ने भी राहत की सांस ली। नगर व आसपास के क्षेत्रों के लोग बाजार पहुंचे और फड़ से आवश्यक समान की खरीदारी की। इधर लगातार बढ़ रही ठंड के मद्देनजर नगर के सार्वजनिक स्थानों में अलाव की व्यवस्था किए जाने की मांग जन अधिकार मंच समेत विभिन्न संगठनों ने की है।