स्कूल परिसर में गुलदार ने गाय को बनाया निवाला
संस चौखुटिया विकास खंड के महाकालेश्वर क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से गुलदार का आतंक बढ
संस, चौखुटिया : विकास खंड के महाकालेश्वर क्षेत्र में बीते कुछ दिनों से गुलदार का आतंक बढ़ गया है। इससे ग्रामीण भयभीत हो चले हैं। रविवार की सायं गुलदार ने राजकीय इंटर कालेज परिसर में एक बेसहारा गाय को निवाला बना लिया। बताया गया है कि इसके बाद गुलदार विद्यालय के आसपास विचरण कर रहा है तथा दिन में भी दहाड़ने की आवाज सुनाई दे रही है। ऐसे में छात्र-छात्राओं भय व्याप्त है। जो कक्षाओं से बाहर आने में डर रहे हैं। विद्यालय प्रशासन ने इसकी सूचना विभाग को दे दी है।
बताया गया है कि कुछ पूर्व भी गुलदार एक बेसहारा गाय को मार चुका है। विद्यालय के आसपास उसकी गतिविधि बढ़ने से अभिभावकों में अपने पाल्यों की सुरक्षा के प्रति चिंताएं बढ़ गई हैं। भय के चलते ही महिलाएं जंगल में समूह बनाकर घास लेने जा रही हैं। विदित हो कि कुछ माह पूर्व इस क्षेत्र से लगे गांवों में गुलदार दो महिलाओं को निशाना बना चुका है। फिर गुलदार की गतिविधि बढ़ने से क्षेत्र में भय का का माहौल उत्पन्न हो चला है। शिक्षक अभिभावक संघ के अध्यक्ष सूरज कुमयां,जीवन सिंह अधिकारी, जीवन सिंह किरौला, दीवान सिंह, कुंदन सिंह बिष्ट, मंगल फुलारा व मदन राम आदि ने वन विभाग से गश्त लगाने की है।