मैदान से लौटे दो युवकों में डेंगू के लक्षण
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : पर्वतीय राज्य का मैदानी भूभाग डेंगू के डंक से बेहाल है। प्रदेश में अब तक लग
संवाद सहयोगी, अल्मोड़ा : पर्वतीय राज्य का मैदानी भूभाग डेंगू के डंक से बेहाल है। प्रदेश में अब तक लगभग 75 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। इधर नगर व समीपवर्ती गांव के दो युवकों में डेंगू के लक्षण पाए जाने से हड़कंप मच गया। इन्हें जिला चिकित्सालय में अलग वार्ड में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के अनुसार इनमें से एक युवक हल्द्वानी तो दूसरा देहरादून गया था।
जिला चिकित्सालय में सोमवार को दो युवकों में डेंगू के लक्षण पाए गए। वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. आरसी पंत के अनुसार 36 वर्षीय शेखर पांडे निवासी करबला बीती नौ सितंबर को हल्द्वानी गया था। उसका स्वास्थ्य बिगड़ा। वह जिला चिकित्सालय पहुंचा जहां डेंगू के लक्षण पाए जाने पर उसे भर्ती कर लिया गया है। इसी तरह डोबा गांव के सोबन सिंह में भी लक्षण पाए गए। दोनों का एहतियातन अलग वार्ड में इलाज चल रहा है। फिजिशियन डॉ. पंत के अनुसार पूर्व में भी चार रोगी आए थे। स्वास्थ्य में सुधार होने पर उन्हें छुट्टी दे दी गई। इधर सीएमएस डॉ. प्रकाश वर्मा के अनुसार कार्ड टेस्ट की पुष्टि के लिए एसटीएच भेजा जा रहा है।