माओवादी कमांडर चम्याल और महिला साथी कोर्ट में हुए पेश
माओवादी कमांडर देवेंद्र चम्याल और उसकी महिला साथी को न्यायिक मजिस्ट्रेट धर्मेंद्र साह की अदालत में पेश किया गया।
रानीखेत, [जेएनएन]: नैनीसार में भड़काने वाले पोस्टर लगाने व स्कूल दीवारों पर नारे लिखने के मामले में नैनीताल जेल में बंद माओवादी कमांडर देवेंद्र चम्याल व उसकी महिला मित्र भगवती भोज को शुक्रवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट धर्मेंद्र साह की अदालत में पेश किया गया।
माओवादी देवेंद्र चम्याल तथा महिला कामांडर भगवती भोज अल्मोड़ा के नैनीसार में लगभग दो वर्ष पूर्व निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय आवासीय विद्यालय परिसर में आगजनी, दीवारों में भड़काऊ नारे लिखने व पंफलेट बांटे जाने के आरोपित हैं और इस मामले में ही दोनों की पेशी हुई। कोर्ट में बयान होने के बाद पर न्यायिक मजिस्ट्रिेट के आदेश पर दोनों माओवादियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गौरतलब है कि दस हजार रुपये के इनामी माओवादी ग्राम दशों नगरखाल, पेटशाल (अल्मोड़ा) निवासी देवेंद्र चम्याल तथा उसकी महिला मित्र ग्राम लखनाड़ी सोमेश्वर (अल्मोड़ा) की भगवती भोज को नैनीताल पुलिस ने 24 सितंबर 2017 को हल्द्वानी के चोरगलिया से गिरफ्तार किया था। माओवादी कमांडर चम्याल ने वर्ष 2009 से 2014 तक झारखंड व बिहार में नक्सल प्रभावित इलाकों में विशेष प्रशिक्षण लिया था। चम्याल तब सुर्खियों में आया था जब 2004 में ऊधमसिंह नगर जिले के हंसपुरखत्ता व सौफुटिया के जंगल में संचालित माओवादी शिविरों में उसने थिंक टैंक प्रशांत सांगलेकर उर्फ प्रशांत राही के नेतृत्व में हिस्सा लिया था।
उसके खिलाफ नानकमत्ता(ऊधमसिंहनगर) थाने में राष्ट्रविरोधी गतिविधियां चलाने, आपराधिक षड्यंत्र रचने, प्रतिबंधित साहित्य रखने व बांटने आदि गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। इधर, हाल में माओवादियों के निशाने पर झारखंड के सीएम रघुवर दास के होने के मामले में भी चम्याल को लेकर अलर्ट और बढ़ गया था। देवेंद्र से पूछताछ के बाद उत्तराखंड पुलिस ने ही झारखंड पुलिस को यह जानकारी दी थी।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड के इस जिले में माओवादी सक्रिय, पुलिस-प्रशासन अलर्ट पर
यह भी पढ़ें: 10 हजार के इनामी समेत दो माओवादी गिरफ्तार
यह भी पढ़ें: 50 हजार का इनामी माओवादी देवेंद्र चम्याल गिरफ्तार