विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में खेल मैदान की मांग को लेकर 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक

By Mahesh MishraEdited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 20 Sep 2026 11:16 AM (IST)

चोलापुर के अजगरा ग्राम पंचायत में खेल मैदान की मांग को लेकर 25 वर्षीय राकेश गुप्ता 100 फीट ऊंचे मोबाइल ...और पढ़ें

HighLights

  1. युवक राकेश गुप्ता खेल मैदान की मांग को लेकर टावर पर चढ़ा।

  2. चकबंदी के बाद युवाओं के लिए गांव में खेल जगह नहीं बची।

  3. पुलिस मौके पर पहुंचकर युवक को नीचे उतारने का प्रयास कर रही है।

जागरण संवाददाता (चोलापुर) वाराणसी। विकासखंड चोलापुर के अजगरा ग्राम पंचायत में खेल मैदान की मांग को लेकर रविवार सुबह गांव निवासी 25 वर्षीय राकेश गुप्ता पुत्र वीरेंद्र गुप्ता करीब 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।

सूचना पर अजगरा पुलिस चौकी की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। टावर पर चढ़े राकेश गुप्ता का कहना है कि गांव में युवाओं के लिए खेल का मैदान नहीं है। चकबंदी के दौरान भी सरकारी बंजर भूमि को खेल मैदान के लिए आरक्षित नहीं किया गया।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में लंबे समय से युवा वर्ग गांव के ही रामजी सिंह, दीना सिंह आदि के बगीचे में दौड़ लगाने के साथ ही कुश्ती और अखाड़े का अभ्यास करते थे। ग्रामीणों का कहना है कि चकबंदी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित लोगों ने अपनी जमीन की घेराबंदी कर ली है।

इससे युवाओं के लिए दौड़, कुश्ती और शारीरिक अभ्यास करने का स्थान नहीं रह गया है। ग्रामीणों के अनुसार, चकबंदी कार्य करीब एक माह पूर्व पूरा हुआ है। चकबंदी के दौरान पूर्व में स्टे होने के कारण प्रक्रिया बाद में शुरू हुई थी।

रविवार सुबह करीब 10 बजे खेल मैदान की मांग को लेकर राकेश गुप्ता टावर पर चढ़ गया। वह गांव में खेल मैदान उपलब्ध कराने की मांग कर रहा है। पुलिस मौके पर पहुंचकर युवक को नीचे उतारने का प्रयास कर रही है