चंदौली में देर रात बाइक सवारों ने युवक को गोली मारी, गोली कमर के नीचे फंसी
नन्हें को देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना साधते हुए गोली चला दी, गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जग गए, उन्हें उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
चंदौली (जेएनएन) । नगर के पुरानी बाजार वार्ड नंबर 13 स्थित जयप्रकाश नगर निवासी नन्हें (24) पुत्र रियाज अहमद को पल्सर बाइक सवार बदमाशों ने गोली मार दी। गोली कमर में लगने से घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सक ने प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें बीएचयू के ट्रामा सेंटर को रेफर कर दिया। बदमाश कौन थे, उन्होंने जान लेने की कोशिश क्यों की इस बात की जानकारी नहीं हो सकी है।
जानकारी के मुताबिक नन्हें को देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने निशाना साधते हुए गोली चला दी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग जग गए। घायल को उठाकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। फायरिंग की भनक पर पहुंची पुलिस ने छानबीन की। आसपास के लोगों ने बताया रात्रि में युवक मां सती मंदिर के पास से लौट रहा था। रास्ते में क्या और किससे विवाद हुआ यह कहना मुश्किल है। ट्रामा सेंटर से मिली जानकारी के मुताबिक गोली कमर के नीचे फंसी है। चिकित्सक आज आपरेशन से निकालेंगे। कुछ लोगों ने आशंका जाहिर की है की जुआरियों ने गोली चकाई होगी। दीपावली करीब होने के कारण जुए के फड़ पूरी रात तक सज रहे हैं।